अग्निवीर योजना की वजह से आज गरीब के पास सरकारी सेवा में जाने का रास्ता बंद है : राहुल गांधी

0
Spread the love

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी ने राधौगढ़ में बड़ी संख्या में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को अपना समर्थन देने आए लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि पहली यात्रा करीब 4 हजार किलोमीटर की थी, जिसे आप सबका जबर्दस्त समर्थन मिला था जिसमें कई राज्य छूट गए थे, इसलिए अब यह दूसरी बार भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है जो कि मणिपुर से महाराष्ट्र तक चलेगी। मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है जहां हमें दोनों बार यात्रा करने का सौभाग्य मिला है।
श्री गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोगों को धर्म, जाति और प्रदेश की राजनीति में बांट दिया है। कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित कर रही है कि सब लोग एक साथ आए। भाजपा की विचारधारा नफरत की विचारधारा है और हमारी विचारधारा नफरत के खिलाफ मोहब्बत की दुकान की विचारधारा है।
श्री गांधी ने आगे कहा कि इस यात्रा में हमने एक और शब्द जोड़ दिया है और वह शब्द है ‘‘न्याय“ क्योंकि हमारी यात्रा का मकसद हर वर्ग को ‘न्याय’ दिलाने का है। भारत जोड़ो यात्रा कई प्रदेशों में नहीं पहुंच पाई थी और लोगों ने निवेदन किया था कि उनके प्रदेशों से भी यात्रा निकलनी चाहिए इसलिए दूसरी बार यह यात्रा की जा रही है।
श्री गांधी ने कहा कि आज 22 लोग हैं जिनके पास देश का 50 प्रतिशत धन है। मोदी जी ने 16 लाख करोड रुपए व्यापारियों के माफ कर दिए हैं, लेकिन किसानों का 1 रुपया भी माफ नहीं किया। श्री गांधी ने कहा कि 50 प्रतिशत पिछड़े, 15 प्रतिशत दलित एवं 8 प्रतिशत आदिवासी, अल्पसंख्यक एवम सामान्य गरीब  मिलाकर 90 प्रतिशत होते हैं उनकी भागीदारी नगण्य है। किसी बड़ी कंपनी की लिस्ट निकालो जितनी बड़ी कंपनियों की लिस्ट में उनके मालिकों में एक नाम भी इस 90 प्रतिशत वर्ग के लोगों का नहीं है, उनके सीनियर मैनेजमेंट में भी एक नाम नहीं, मीडिया के मालिकों में भी इस 90 प्रतिशत वर्ग का एक भी नाम नहीं, ब्यूरोक्रेसी में देखें तो 90 लोग जो कि आईएएस अधिकारी हैं उसमें से केवल तीन ओबीसी, एक आदिवासी एवं तीन दलित हैं, जब बजट आता है 100 में से 6 रुपए का केवल ये लोग फैसला करते हैं।
श्री राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी 90 प्रतिशत लोग देते हैं, लेकिन जेब 20 अमीर उद्योगपतियों की भरती है, इन समस्याओं से निजात पाने का तरीका है जाति आधारित जनगणना। अग्नि वीर योजना की बजह से आज गरीब के पास सरकारी सेवा में जाने का रास्ता बंद है, पीएसयू कांग्रेस लायी, बीएसएनल, वीएसएनल, हिंदुस्तान पेपर यह सब कांग्रेस ने बनाया, मोदी जी ये उद्योगपतियों को दे रहे हैं।
श्री गांधी ने कहा की जिस तरह हाथ टूट जाए तो उसका एक्स-रे किया जाता है, उसी तरीके से जाति आधारित जनगणना समाज का एक्स-रे है, हमने जब इस क्रांतिकारी राजनीतिक कदम की बात की तो मोदी जी ने कहा कि वे सिर्फ 4 जातियां जानते हैं, मैं आपसे कहना चाहता हूं कि वे सिर्फ 20-22 उद्योगपतियों की मदद करना चाहते हैं आपकी नहीं।
श्री गांधी ने कहा कि मीडिया में आज बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, जाति आधारित जनगणना नहीं दिखाई जाती है, अंबानी जी के यहां की शादी दिखाई जाती है, टीवी पर आप बॉलीवुड देख लो बिल गेट्स देख लो लेकिन बॉर्डर पर मरते हुए किसान नहीं दिखाई देते हैं। जाति आधारित जनगणना इस 90 प्रतिशत वर्ग के फायदे का मुद्दा है, हम कर्ज माफी की बात करते हैं। रोजगार की बात करते हैं हम आपके साथ न्याय की बात करते हैं इसी के साथ श्री गांधी ने उन्हें सुनने आए लोगों का दिल से धन्यवाद दिया।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मोहन यादव जी पर्ची के सीएम हैं, हरियाणा के मुख्यमंत्री आए और उन्होंने पर्ची निकाल दी, ऐसा लगा कि शादी में चेहरा दिखाया किसी और का और शादी किसी और से कर दी। मैंने कई बार कहा कि यह सरकार 3-सी की सरकार है कर्ज, क्राइम और करप्शन की सरकार है।
श्री पटवारी ने कहा कि कोई भी वादा इस सरकार ने पूरा नहीं किया चाहे वो 2700 में गेहूं खरीद की बात हो, 450 में सिलेंडर या 3000 रू. लाडली बहनों को देने की बात हो। भाजपा नेताओं ने वचन पत्र गीता-रामायण जैसा बताया था तो अब उसे पूरा करें। लाडली बहन को भ्रम हुआ था कि 3000 रू. मिलने वाले हैं इस कारण उन्होंने भाजपा को वोट दिया, लेकिन अब जब वादा खिलाफी हुई है तो हमारे प्रयासों से हम लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। सभा को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह और मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने भी संबोधित किया।
राघोगढ़ की सभा के बाद ब्यावरा में अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव जयराम रमेश, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह  ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।

इस मौके पर अभा कांग्रेस के प्रवक्ता मप्र मीडिया प्रभारी चरणसिंह सपरा, मप्र विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481