भाजपा सरकार, भाजपा और प्रशासन खामोश क्यों हैं: माकपा
भाजपा विधायक की गुंडागर्दी पर
भाजपा सरकार, भाजपा और प्रशासन खामोश क्यों हैं: माकपा
भोपाल | पहले भाजपा के पिछोर विधायक के बेटे की गुंडागर्दी और दो छात्राओं सहित पांच लोगों की जान जोखिम में डालने की हरकत के बाद विधायक द्वारा एसडीओपी और प्रशासन को धमकाने और माफ़ी मंगवाने की खुली चुनौती के बावजूद न तो पुलिस और प्रशासन ने विधायक के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया है और न ही भाजपा की प्रदेश सरकार ने इस धमकी का संज्ञान लेते हुए अपराधी विधायक और उसके पुत्र के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं l इससे साबित होता है कि भाजपा और उसकी सरकार ही अपराधियों को संरक्षण दे रही हैं l
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने उक्त बयान जारी करते हुए कहा है कि चार दर्जन से ज्यादा अपराधियों के मुकदमों में फंसे विधायक अभी भी पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को देख लेने ही नहीं परिणाम भुगतने की खुली चुनौती दे रहे हैं और प्रशासन उसके खिलाफ़ मुकदमा दर्ज करने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है l
जसविंदर सिंह ने कहा है कि जिलाबदर हो चुका एक विधायक भाजपा सरकार के संरक्षण में इतना भयमुक्त हो चुका है कि कानून व्यवस्था बनाने वाले अधिकारियों को ही पिछोर और करैरा से बदर करने की धमकी दे रहा है l
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने पुलिस महानिदेशक से हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था माफियाओं की मुट्ठी में पहुंच जाएगी तो हालत खतरनाक हो जाएंगे | यदि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक के जीवन की असुरक्षा का अनुमान लगाया जा सकता है l राजेंद्र कोठारी द्वारा
