भोपाल में आज बीजेपी की जन आक्रोश महिला पद यात्रा
लोकसभा में 17 अप्रैल को महिला आरक्षण से जुड़ा 131वां संविधान संशोधन बिल पास नहीं हो सका था। इस बिल में लोकसभा सीटें 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33% आरक्षण देने का प्रस्ताव था। बिल के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जबकि इसे पास करने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी।
विधेयक पारित न हो पाने के विरोध में आज भोपाल के एमवीएम कॉलेज ग्राउंड पर जन आक्रोश महिला पद यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। बीजेपी की इस पद यात्रा में सीएम डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अलावा महिला मंत्री भी मौजूद रहेंगी। यात्रा में करीब 30 हजार महिलाओं के शामिल होने का दावा किया गया है।
मंत्री बोलीं- कांग्रेस ने महिलाओं का रास्ता रोकने का काम किया
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा- एक समय था, जब मां अपनी बेटियों से कहती थी कि तुम्हें घर में चौका-चूल्हा ही करना है। लेकिन, अब माताएं सोचती हैं कि बेटी पढ़ेगी और कुछ करके दिखाएगी। डॉक्टर, इंजीनियर,आईएएस, आईपीएस तो बनेगी ही।
उन्होंने कहा कि आज बेटी लोकसभा-विधानसभा में जाकर कानून बनाने का काम भी कर सकती है। इस आशा को रोकने का काम कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने किया है। आने वाली पीढ़ी के साथ यह विश्वासघात है।
