मध्य प्रदेश पुलिस की एसआईटी (SIT) और एसटीएफ (STF) ने एक संयुक्त ऑपरेशन में भोपाल के कोलार क्षेत्र में सक्रिय एक खतरनाक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

मध्य प्रदेश पुलिस की एसआईटी (SIT) और एसटीएफ (STF) ने एक संयुक्त ऑपरेशन में भोपाल के कोलार क्षेत्र में सक्रिय एक खतरनाक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह व्हाट्सएप कॉल के जरिए लोगों को धमकाकर मोटी फिरौती वसूलता था। गिरोह की कार्यशैली इतनी शातिर थी कि वे पहले शिकार के घर की रेकी कर उसका वीडियो बनाते थे और फिर उसे भेजकर पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने की धमकी देकर खौफ पैदा करते थे। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के तीन मुख्य गुर्गों को दबोच लिया है, जिससे शहर के व्यापारियों और संभ्रांत परिवारों ने राहत की सांस ली है।
मामले की जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सूत्रधार उत्तर प्रदेश के बांदा का रहने वाला आनंद मिश्रा है, जिसने अपने साथी निर्मल तिवारी को घर का वीडियो बनाने और रेकी करने के लिए मोटी रकम देकर भोपाल भेजा था। पुलिस की मुस्तैदी के चलते जब निर्मल पुलिस के हत्थे चढ़ा, तो मास्टरमाइंड आनंद मिश्रा नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन 20 अप्रैल को पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। इनके साथ ही राजस्थान के बीकानेर से जेपी डारा को भी गिरफ्तार किया गया है, जो इस गिरोह को जरूरी संसाधन और लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराता था।
पुलिस इन तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं और इन्होंने इसी अंदाज में कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया होगा। #MPKiBaat #bhopalnews #whatsappgang #MPNews #BhopalPolice #STF #mpstf
