महिला ने बेटे और दोस्त से सहेली का रेप कराया
भोपाल के कोलार इलाके में एक होटल की रिसेप्शनिस्ट के साथ इसी होटल की पूर्व रिसेप्शनिस्ट ने रेप करा दिया। आरोपी महिला ने अपने बेटे और बेटे के दोस्त को प्लानिंग के तहत होटल भेजा और रूम बुक कराया। बाद में युवकों ने रूम में पानी न आने की समस्या बताई। पीड़ित युवती रूम में पानी चेक करने पहुंची तो वहीं उसे बंधक बना लिया गया। दोनों युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया। उसके प्राइवेट पार्ट से भी छेड़छाड़ की गई।
बाद पूर्व रिसेप्शनिस्ट कमरे पर पहुंची और पीड़िता को घटना के संबंध में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों युवकों की मदद से पीड़िता को किडनैप कर स्टेशन बजरिया इलाके में ले गए। यहां भी पीड़िता के साथ मारपीट की गई। आरोपी महिला ने पीड़िता से कहा कि मेरे बॉयफ्रेंड से दूर रहो। दरअसल दोनों ही महिलाओं का एक होटल मालिक से अफेयर है, जो इन दिनों ग्वालियर में है। पीड़िता और होटल मालिक की कॉल पर बात होती है।
ग्रेजुएशन के बाद रिसेप्शनिस्ट की जॉब शुरू की
पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय युवती बी.कॉम ग्रेजुएट है और एक होटल में रिसेप्शनिस्ट है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे वह होटल में ड्यूटी पर थी। तभी आरोपी बिट्टू और एक युवक होटल पहुंचा। वहां आरोपियों ने होटल में कमरा दिखाने के लिए कहा, तो पीड़िता उनके साथ चली गई। कुछ ही देर में आरोपियों ने आवाज देकर दोबारा पीड़िता को बुलाया और पानी न आने की शिकायत की। कमरे में जाते ही आरोपी बिट्टू ने युवती के साथ रेप किया।
महिला आरोपी ने भी कमरे में बंधक बनाकर पीटा
बिट्टू के दोस्त ने पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में छेड़खानी की। कुछ ही देर में इसी होटल की पूर्व रिसेप्शनिस्ट विनिता भी रूम में पहुंच गई। जिसने एक युवक को बेटा जबकि बिट्टू को बेटे का दोस्त बताया। आज के बाद उसके बॉयफ्रेंड (होटल मालिक) से दूर रहने की नसीहत दी। उसके साथ जमकर मारपीट की। तीनों आरोपी पीड़िता को अगवा कर साथ ले गए। अपहरण की यह वारदात स्कूटी से अंजाम दी।
होटल स्टॉफ ने पुलिस को सूचना दी
पूरे घटनाक्रम की सूचना होटल स्टॉफ ने पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता की मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर उसे स्टेशन बजरिया इलाके से दस्तेयाब किया। आरोपियों के डर से पीड़िता कुछ बताने को राजी नहीं थी। जिसके बाद थाने लाकर पीड़िता की काउंस्लिंग कराई गई। तब उसने पूरा घटनाक्रम पुलिस को बताया। शनिवार तड़के पीड़िता की शिकायत पर रेप, बंधक बनाने, अपहरण करने और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस की घेराबंदी के बीच दोनों युवक फरार हो गए। विनिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
आरोपियों की तलाश में थाने की दो टीमें जुटी
टीआई संजय सोनी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में थाने की दो टीमें जुटी हैं। विनिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता ने कथनों में होटल रूम में बंधक बनाकर मारपीट और प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ कर रेप करने की बात कही है। जल्द फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
