डीजीपी कैलाश मकवाणा की सख्ती का असर — भिंड पुलिस ने अवैध हथियारों पर कसा शिकंजा

0
Spread the love

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश
जनसंपर्क कक्ष
समाचार

डीजीपी कैलाश मकवाणा की सख्ती का असर — भिंड पुलिस ने अवैध हथियारों पर कसा शिकंजा

अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गैंग का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, अवैध फैक्ट्री ध्वस्त

भोपाल, भिंड,24 अक्टूबर 2025। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के सख्त निर्देशों और अभियान के तहत अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और खरीद-फरोख्त पर नकेल कसने में भिंड पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मौ और थाना मेहगांव के बीच ग्राम रूपावई में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री पर दबिश देते हुए पुलिस ने पाँच आरोपियों को दबोच लिया।अभियान में पुलिस ने 12 देशी कट्टे (09 कट्टे 315 बोर व 03 कट्टे 32 बोर), 03 जिंदा राउंड, हथियार निर्माण की बड़ी मात्रा में सामग्री और एक मोटरसाइकिल बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भिंड डॉ. असित यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक, उप पुलिस अधीक्षक दीपक तोमर और एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अमलेडी तिराहे से एक आरोपी को हथियार बेचने की फिराक में गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 04 कट्टे मिले, जिनमें से 03–315 बोर व 01–32 बोर के थे।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ ग्राम रूपावई में फैक्ट्री संचालित कर रहा था, जिसके लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से ₹50,000 मासिक पर दो कुशल कारीगरों को बुलाया था। स्थान उपलब्ध कराने वालों को ₹20,000 किराया दिया जा रहा था। अब तक 22 कट्टे बनाए जा चुके थे, जिनमें से कई बिक चुके थे।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फैक्ट्री से सात और देशी कट्टे, निर्माण के औजार और अन्य सामग्री बरामद की। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी भिंड ने इनाम की घोषणा की है।

इससे पूर्व में भी भिंड पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की थी। जिसमें थाना देहात क्षेत्र के डिडी बीहड़ एवं बिजपुरी बीहड़ इलाके में अवैध हथियार फैक्ट्री संचालित करने वाले 06 आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया था।

पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल अवैध हथियार निर्माण की जड़ों तक चोट पहुंचाई है, बल्कि एक अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क को भी उजागर किया है।

प्रदेशभर में अब तक 36 से अधिक अवैध हथियार जब्त किए जा चुके हैं, जिनमें खरगोन, बड़वानी, नरसिंहपुर, ग्वालियर और भिंड जिलों की अहम भूमिका रही है।

डीजीपी कैलाश मकवाणा के नेतृत्व में अवैध हथियारों के खिलाफ यह विशेष मुहिम लगातार जारी है। मध्यप्रदेश पुलिस की इन निर्णायक कार्रवाइयों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध हथियारों का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और प्रदेश में शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह समर्पित और प्रतिबद्ध है।

क्रमांक-147/25 धीरज/आशीष शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481