भोपाल में पीएम सुरक्षा में तैनात रहेंगे 3 हजार जवान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल आएंगे। देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के मौके पर जंबूरी मैदान में महिला सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में करीब एक लाख महिलाएं शामिल होंगी। पीएम के संभावित दौरे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम चॉक चौबंद कर दिए हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर भोपाल पुलिस कमिश्नर हरीनारायणचारी मिश्रा ने तमाम आला अधिकारियों की गुरुवार को मीटिंग ली।
इस मीटिंग में पीएम की सुरक्षा से जुड़े अहम निर्देश पुलिस कमिश्नर ने अधीनस्थ अधिकारियों को दिए हैं। वहीं शहर के सभी आउटर नाकों को सील कर दिया गया है। चैकिंग के बाद ही बाहरी वाहनों को शहर की सीमा में प्रवेश दिया जा रहा है। इसी के साथ भोपाल की सभी होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
महिलाएं संभालेंगी सभी जिम्मेदारी
भोपाल में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों और किराएदारों का वेरिफिकेशन शुरू कर दिया गया है। पीएम के आगमन के दिन भोपाल में करीब 3 हजार अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात रहेंगे। सम्मेलन की खास बात यह होगी कि पूरी व्यवस्था महिलाओं के हाथों में होगी। मंच संचालन से लेकर भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक, मीडिया और सुरक्षा तक का जिम्मा महिलाएं ही संभालेंगी।
सम्मेलन में क्या-क्या होगा
- राज्य में महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं और उपलब्धियों की झलक सम्मेलन में दिखाई जाएगी।
- स्व सहायता समूहों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें महिलाओं के स्टार्टअप, उद्योग, नवाचार और सेव सिटी प्रोजेक्ट जैसी पहल दिखाई जाएंगी।
- महिलाओं के आने-जाने, बैठने, पानी और खाने-पीने की भी अच्छी व्यवस्था की जाएगी।
- रानी कमलापति स्टेशन पर चैकिंग करता पुलिसकर्मी।
इंदौर मेट्रो को दिखा सकते हैं हरी झंडी
पीएम मोदी इंदौर मेट्रो को वर्चुअली हरी झंडी दिखा सकते हैं। इंदौर में प्रायोरिटी कॉरिडोर पर गांधी नगर से स्टेशन नंबर 3 के बीच फिलहाल मेट्रो चलाई जाएगी। हालांकि इंदौर में मेट्रो के कॉमर्शियल रन की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
एसपीजी के हाथ में होगी सुरक्षा व्यवस्था की कमान
एसपीजी की टीम ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल को अपने सुरक्षा घेरे में ले लेगी। एसपीजी के अधिकारी स्टेट हैंगर पर भी तैनात रहेंगे। इमरजेंसी हालात में पीएम को निकालने के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था भी रहेगी।
आदेश के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
भोपाल नगरीय पुलिस पीएम के कार्यक्रम स्थल के पांच किलोमीटर परिधि में ड्रोन, हॉट एयर बॅलून व फ्लाईंग ऑब्जेक्ट उड़ाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने वाली है। अगर कोई एसपीजी की बिना अनुमति ऐसा करता पाया जाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
