छोला विश्राम घाट पर होगा अंतिम संस्कार, मोहल्ले में मातम

सलकनपुर के नजदीक भैरव घाटी पर हुए हादसे में जान गंवाने वाले भोपाल के एक ही परिवार के 5 लोगों का शनिवार को अंतिम संस्कार किया जा रहा है। शनिवार दोपहर जब एक साथ 5 अर्थियां उठी तो चीख पुकार मच गई। जिस घर में कल तक खुशियाें का माहौल था, वहां आज मातम पसरा है। हर शख्स गमगीन है। कॉलाेनी वासी और रिश्तेदार तक सदमे में हैं।
शुक्रवार को पोते का मुंडन कराकर लौट रहे चौकसे नगर निवासी राजेंद्र प्रसाद पांडे सहित 6 लोगों की सलकनपुर के नजदीक भैरव घाटी पर सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले राजेंद्र प्रसाद पांडे, उनके भाई शारदा प्रसाद पांडे और परिवार के दूसरे तीन सदस्यों का अंतिम संस्कार छोला विश्राम घाट पर किया जा रहा है।

जुलाई में होने वाली थी बेटी की शादी
चौकसे नगर में रहने वाली पांडे फैमिली के पड़ोसियों ने बताया कि राजेंद्र प्रसाद पांडे की बेटी मोनिका की जुलाई में शादी होना है। साल की शुरुआत में ही भोपाल के लाल घाटी एरिया के एक परिवार में मोनिका का रिश्ता परिजनों ने तय किया है। पांडे अपनी बेटी को घर से डोली से विदा करते, उससे पहले ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से पूरे परिवार में मातमी माहौल बन गया है।
एक साल पहले हुई थी मोहित की शादी
मोहित पांडेय ग्वालियर में सरकारी नौकरी करते हैं। उनकी पिछले साल शादी हुई थी। उनकी पत्नी शिखा भोपाल के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थी। लेकिन, प्रेग्नेंसी के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। मोहित ग्वालियर से अप डाउन करते थे और शिखा भोपाल में ही अपने बेटे के साथ रहती थी।

भैरव घाटी पर रेलिंग में घुसी थी तेज रफ्तार कार
शुक्रवार को देवी धाम सलकनपुर से 6 महीने के बच्चे का मुंडन और तुलादान कराकर लौट रहे भोपाल के परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। भैरव घाटी पर हुए हादसे में दादा-दादी समेत परिवार के 5 लोगों समेत ड्राइवर की मौत हो गई। पोते समेत 6 लोग घायल हैं। बच्चा वेंटिलेटर पर है। उसे रेनबो हॉस्पिटल, भोपाल में भर्ती कराया गया है।
भोपाल में डीआईजी बंगला इलाके के चौकसे नगर के रहने वाले राजेंद्र पांडेय (75) का परिवार आइसक्रीम कारोबारी हैं। शुक्रवार को उनके 6 महीने के पोते व्योम का मुंडन कराने के लिए परिवार के 10 लोग टवेरा कार से सलकनपुर गए थे।
शुक्रवार शाम 6.20 बजे भैरव घाटी पर कार रेलिंग की दीवार से टकराकर पलट गई। टवेरा में पीछे बैठे बच्चे के पिता मोहित पांडेय ने बताया कि ड्राइवर घाटी के मोड़ पर गाड़ी मोड़ नहीं पाया। गाड़ी सीधे रेलिंग की दीवार से टकरा गई।
