ग्वालियर-भोपाल संभाग में अब कर्मचारियों में होगी प्रतिस्पर्धा

भोपाल, ग्वालियर संभाग के 16 जिलों में काम करने वाले बिजली कर्मचारियों को अब हर माह ‘एम्प्लॉई ऑफ द मंथ’ पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने संभाग स्तर पर हर माह जोन और वितरण केंद्र में काम करने वाले और बेस्ट परफार्म करने वाले कर्मचारियों की सिलेक्शन प्रोसेस तय करने का फैसला किया है।
पुरस्कार के दायरे में कंपनी क्षेत्र में काम करने वाले सभी नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को शामिल किया गया है। यह योजना अगस्त 2025 से शुरू की जा रही है, जो मार्च 2026 तक चलेगी। जिसे जल्द ही कंपनी द्वारा ऑनलाइन संचालित किया जाएगा।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने और उत्कृष्ट योगदान पर सम्मानित करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। अब कंपनी द्वारा प्रत्येक माह ‘एम्प्लॉई ऑफ द मंथ’ पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार कंपनी के अंतर्गत संभागीय स्तर पर हर माह जोन एवं वितरण केन्द्र में कार्यरत सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले तीन सर्वश्रेष्ठ कर्मचारियों को दिया जाएगा।
कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने बताया कि इस पुरस्कार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को संतुष्टि के साथ त्वरित और बेहतर सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पहचान दिलाना और अन्य कार्मिकों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
पांच मापदंडों पर किया जाएगा सिलेक्शन
कंपनी के एमडी सिंघल के अनुसार इस पुरस्कार के लिए कर्मचारियों का चयन कंपनी मुख्यालय द्वारा कंपनी कार्यों के अनुसार निर्धारित पांच मापदंडों के आधार पर किया जाएगा।
इसमें सर्कल कार्यालय द्वारा दो अतिरिक्त मापदंड जोड़े जा सकेंगे। ‘एम्प्लॉई ऑफ द मंथ’ के लिए चयनित कर्मचारियों को न केवल प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा, बल्कि उनका नाम और फोटो भी संभागीय कार्यालयों के साथ-साथ कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित किया जाएगा।
