12 IPS के तबादले, 5 जिलों के SP बदले

0
Spread the love

मध्य प्रदेश में बुधवार देर रात गृह विभाग ने 12 IPS अधिकारियों के तबादले किए। बैतूल, पन्ना, आलीराजपुर और हरदा में नए पुलिस अधीक्षक (SP) पदस्थ किए गए हैं। वहीं, कुछ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय और भोपाल में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

बैतूल के SP वीरेंद्र जैन को भोपाल में पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) बनाया गया है। नर्मदापुरम के SP साईकृष्ण एस. थोटा को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह उज्जैन की 32वीं वाहिनी के कमांडेंट दीपक कुमार शुक्ला नर्मदापुरम के नए SP होंगे।

इंदौर में साइबर SP रहे सब्यसाची सराफ को पन्ना का SP बनाया गया है। वहीं, हरदा के SP शशांक को पुलिस मुख्यालय भोपाल में AIG पदस्थ किया गया है।

तबादला सूची में पुलिस मुख्यालय और विशेष सशस्त्र बल की विभिन्न वाहिनियों में पदस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं।

किसान आंदोलन नहीं संभाल पाए, 3 जिलों के अफसरों पर कार्रवाई

नर्मदापुरम में किसान आंदोलन को नियंत्रित नहीं कर पाने के मामले में कलेक्टर सोमेश मिश्रा को हटाने के बाद राज्य सरकार ने एसपी को भी हटा दिया है।

इसी तरह, केन-बेतवा प्रोजेक्ट के विरोध में किसानों को समझाने में नाकाम रहने पर सरकार पहले ही पन्ना कलेक्टर उषा परमार को हटा चुकी है। अब एसपी निवेदिता नायडू को भी हटा दिया गया है।

हरदा एसपी पर भी कार्रवाई की गई है। दो महीने पहले हरदा और नर्मदापुरम के किसान प्रदर्शन करते हुए भोपाल पहुंच गए थे। इससे राजधानी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था।

जहरीली शराब: तीन दिन पहले देवास-सागर के कलेक्टर-SP हटाए थे

शराब से मौतों के मामलों के बीच राज्य सरकार ने 3 दिन पहले ही देवास और सागर के कलेक्टर-SP बदले थे। देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत 3 आबकारी अफसरों को भी निलंबित किया गया था।

दोनों जिलों के SP को पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ किया गया है। देवास के SP पुनीत गहलोत और सागर के SP अनुराग सुजानिया को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) बनाया गया है।

सिवनी कलेक्टर नेहा मीना को देवास भेजा गया है, जबकि उनकी जगह अंजू अरुण कुमार को सिवनी का नया कलेक्टर बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *