भाजपा नेता ने चौकी प्रभारी से शराब की बोतल मांगी

0
Spread the love

रायसेन जिले की सांची विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के भीतर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

सांची विधानसभा सीट के सलामतपुर मंडल के बीजेपी मीडिया प्रभारी हरिओम साहू का एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें वह दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शर्मा से शराब की बोतल मांगते सुनाई दे रहे हैं।

चौकी प्रभारी ने जब यह मांग पूरी नहीं की तो मीडिया प्रभारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (CM Helpline 181) पर उनकी शिकायत दर्ज करा दी। इस घटना ने पार्टी की अंदरूनी राजनीति में भूचाल ला दिया है।

दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया, “रात में जब मैं अपने कमरे पर था, तब हरिओम साहू का फोन आया। साहू ने शराब की बोतल की मांग की, जिसे मैंने पूरा नहीं किया। इसके बाद उन्होंने 181 पर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर दी।”

पूर्व प्रत्याशी ने उठाए नियुक्तियों पर सवाल

मामले में सांची से बीजेपी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रहे मुदित शेजवार ने अपनी ही पार्टी की कार्यशैली और हाल ही में हुई नियुक्तियों पर सवाल उठाए हैं। शेजवार ने बिना नाम लिए सिंधिया समर्थक विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी पर निशाना साधा, जिससे यह विवाद और गहरा गया।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह मामला अब केवल एक मीडिया प्रभारी की शिकायत तक सीमित नहीं है, बल्कि बीजेपी के भीतर चल रही गुटबाजी और नियुक्तियों में मनमानी का नतीजा है।

हरिओम साहू, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के करीबी माने जाते हैं।
हरिओम साहू, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के करीबी माने जाते हैं।

पढ़िए… बीजेपी नेता हरिओम साहू और चौकी प्रभारी सुनील शर्मा के बीच बातचीत

बीजेपी नेता: हैलो चौकी प्रभारी: हां, हरिओम

बीजेपी नेता: जी साब कहां हो? चौकी प्रभारी: रूम पर हूं यार।

बीजेपी नेता: कहां घर पर? चौकी प्रभारी: हां।

बीजेपी नेता: अरे, ध्यान ही नहीं दे रहे साब। 10 बज गए। अभी तक बोतल नहीं आई। चौकी प्रभारी: अरे, बोतल आएगी, तू बोतल के लिए समय भी तो देख ले यार।

बीजेपी नेता: आप थोड़ी दोगे, किसी से भी बोल देते यार, हम ले लेते। चौकी प्रभारी: हर किसी के यहां रखा है क्या सामान? हर किसी को थोड़ी देता हूं।

बीजेपी नेता: क्यों, कलारी वाले से बोल देते वो लाकर दे देता। बताओ आप ध्यान ही नहीं दे रहे हम पर। चौकी प्रभारी: कलारी वाले को मैं नहीं बोलता हूं।

बीजेपी नेता: फिर किसको बोलोगे? चौकी प्रभारी: कलारी वाला मेरे को देकर जाएगा, मैं तुम्हें दूंगा। ऐसा नहीं करते हम, सिस्टम में चलते हैं।

बीजेपी नेता: क्या सिस्टम से चलते हैं, बताओ आप? चौकी प्रभारी: फिर हम तुम्हें दे देंगे सामान।

बीजेपी नेता: अरे, सामान लेने की बात नहीं है। हम खुद ले लेंगे सामान, कोई बड़ी बात नहीं। छह-सात सौ रुपए की बात है। चौकी प्रभारी: नौकरी की, हर चीज की मर्यादाएं होती हैं।

बीजेपी नेता: अरे यार, आपसे दो बार बोल चुका हूं, मुझे शर्म आने लगी बार-बार बोलने में.. चौकी प्रभारी: अच्छा, शर्म आने लगी, कलारी वाले से लेने में नहीं आती।

बीजेपी नेता: अरे, वो तो काम ही है, कितने एसआई रहे… गए… वो दिलवाते थे। आपने एक बोतल नहीं दिलाई। चार-पांच महीने से ज्यादा हो गए। चौकी प्रभारी: अच्छा।

बीजेपी नेता: अरे, हम लेने में सक्षम हैं। छह-सात सौ की बोतल कोई बड़ी बात नहीं है। उससे कहेंगे तो वो देगा हमें तो मनोज भाई। उसको देना पड़ेगी। चौकी प्रभारी: मनोज तुम्हारा मित्र है। मनोज से तो तुम ले सकते हो।

बीजेपी नेता: हमें तो आपसे लेना है न, उसे लगाने की बात होती तो हम उसे नहीं लगा देते। चौकी प्रभारी: बोल दिया तुमसे कि आओगे तो ले लेना। खत्म बात।

बीजेपी नेता: अब कह रहे कि ले लेना, हमें लेने की बात होती तो फिर हम उससे बोलकर ही ले लेते साब। चौकी प्रभारी: बोल दिया न, ले लेना, अभी क्या रात में तुम्हें बोतल देने आऊं क्या?

बीजेपी नेता: हम थोड़ी कह रहे कि आप देने आओ, न आप हमें लेकर दोगे, आप तो किसी को बोल देते। चौकी प्रभारी: मैं तुम्हें दुकान पर नहीं भेज सकता। तुम तो चौकी से आकर ले जाना।

बीजेपी नेता: कब ले जाएं, बताओ आप? चौकी प्रभारी: कल आ जाना

बीजेपी नेता: चलो ठीक है कल आ जाएंगे।

मुदित शेजवार ने फेसबुक पोस्ट शेयर की है।
मुदित शेजवार ने फेसबुक पोस्ट शेयर की है।

अब पढ़िए, मुदित शेजवार ने क्या लिखा… 2018 के विधानसभा चुनाव में सांची से बीजेपी के प्रत्याशी रहे मुदित शेजवार ने फेसबुक पर लिखा- भाजपा एक विचार, एक संस्कार और एक अनुशासन का नाम है।

कभी-कभी कुछ व्यक्तिगत घटनाएं, जैसे हाल ही में रायसेन जिले के मंडल पदाधिकारी का एक ऑडियो आया है। इससे हमारे संगठन की गरिमा को ठेस पहुंचती है, जिसके लिए वर्षों से अनगिनत समर्पित कार्यकर्ताओं ने रात-दिन परिश्रम किया है।

ऐसे व्यवहार न केवल पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि उन कार्यकर्ताओं का भी मनोबल गिराते हैं, जिनकी पहचान मर्यादा और प्रतिबद्धता है। मैं इस दौर में जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व की विशेष सराहना करना चाहता हूं।

उन्होंने बिना किसी बाहरी दबाव के पुराने समर्पित कार्यकर्ताओं को फिर से संगठन की धुरी में लाने का जो प्रयास किया है। वह प्रशंसनीय है। यह वही दृष्टि है जो भाजपा को भाजपा बनाती है।

मुदित शेजवार ने यह पोस्ट फेसबुक पर शेयर की है।
मुदित शेजवार ने यह पोस्ट फेसबुक पर शेयर की है।

हथकंडों या आदतों को संगठन में घोलने की कोशिश मुदित ने आगे लिखा- अब जब जिला एवं मंडल स्तर पर सभी मोर्चों और विभागों में नए पदाधिकारियों के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। मेरा विनम्र आग्रह है कि इस बार चयन और भी सख्त, पारदर्शी और मूल्य आधारित हो। संगठन में ऐसे लोग आएं, जिनका चरित्र और व्यवहार हमारे मूल्यों का प्रतिनिधित्व करे, न कि वे लोग जो हाल के वर्षों में ‘दूसरी संस्कृतियों’ से आए दबावों, हथकंडों या आदतों को संगठन में घोलने की कोशिश कर रहें हैं।

पार्टी प्रदूषित करने वाले कभी-कभार शोर कर लेते हैं मुदित शेजवार ने आगे लिखा- हमारी पार्टी को प्रदूषित करने की कोशिश करने वाले तत्व कभी-कभार शोर तो कर लेते हैं, पर भाजपा जैसी अनुशासित और विचारवान पार्टी में उनका टिकना मुश्किल होता है, यदि नेतृत्व सजग हो। मुझे पूर्ण विश्वास है कि शर्मा जी इस चरण में उसी सजगता, अनुशासन और सूझ-बूझ के साथ आगे बढ़ेंगे।

अच्छा प्रशिक्षण, सही फिल्टर और कड़ी स्क्रूटनी ही आगे हमारी ताकत बनेगी। भाजपा की पहचान चरित्र, कार्यशैली और राष्ट्रहित की प्राथमिकता है। इसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने देना है। मुझे आपकी नेतृत्व क्षमता पर पूर्ण विश्वास है आप कमजोर होने भी नहीं देंगे।

जिलाध्यक्ष बोले- साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया

इस मामले में रायसेन के बीजेपी जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने भास्कर से कहा, हमने हरिओम साहू को कारण बताओ नोटिस दिया है। 7 दिन में यदि संतोष जनक जवाब नहीं मिला तो कड़ी कार्रवाई करेंगे। यदि मामला सही पाया जाता है तो साहू के खिलाफ निलंबन और पार्टी से निष्कासित करने की कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481