प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या करने वाले कपल का हुआ अंतिम संस्कार

0
Spread the love

राजस्थान के भीलवाड़ा से भागे एक प्रेमी जोड़े का शव रविवार दोपहर उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील में शिप्रा नदी से बरामद हुआ। युवक और नाबालिग लड़की की लाशें आपस में रस्सी से बंधी हुई थीं। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों कुछ दिन पहले भीलवाड़ा से लापता हुए थे।

सोमवार को दोनों के परिजन महिदपुर पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार महिदपुर के श्मशान घाट पर कर दिया गया।

युवती का परिवार था रिश्ते के खिलाफ

पुलिस ने बताया कि मृतक युवक की पहचान बबलू गुर्जर (उम्र 22), निवासी जस्सीखेड़ा जिला भीलवाड़ा के रूप में हुई है। वहीं मृतका 17 वर्षीय नाबालिग युवती है, जो बलाई समाज से थी।

युवक के परिजन महेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग कुछ महीने पहले सामने आया था। लड़के का परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार था, लेकिन लड़की के परिवार ने विरोध किया। इसी के चलते दोनों 23 सितंबर को घर से बिना बताए निकल गए थे।

परिजनों को दोनों की जानकारी तब मिली जब महिदपुर पुलिस ने उन्हें सूचना दी। सोमवार को दोनों के परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

नदी में मिली मोटरसाइकिल से हुई पहचान

टीआई नरेंद्र परिहार ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे महिदपुर के रावला घाट पर नदी में युवक-युवती की लाश देखे जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शवों को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

शुक्रवार को इसी क्षेत्र में नदी के पुल पर एक लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी मिली थी। जांच में बाइक से आधार कार्ड मिला, जिससे युवक की पहचान बबलू गुर्जर के रूप में हुई। भीलवाड़ा पुलिस से संपर्क करने पर पता चला कि युवक एक नाबालिग लड़की को लेकर फरार हुआ था। लड़की की गुमशुदगी भी भीलवाड़ा थाने में दर्ज है।

खुदकुशी की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग के चलते खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है। शवों की स्थिति और आपसी बंधाव को देखते हुए यह अनुमान है कि दोनों ने साथ मिलकर आत्महत्या की। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481