भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती ने फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन की रिपोर्ट पर दी प्रतिक्रिया

0
Spread the love

 

*-देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा मध्यप्रदेश*

*-भाजपा सरकार के प्रयासों से निर्यात के मामले में 11वें स्थान पर पहुंचा प्रदेश*

*-आर्थिक समृद्धि की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा मध्यप्रदेश*

*-श्री जीतू जिराती*

भोपाल, 11/08/2025। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती ने विदेशों को होने वाले निर्यात में मध्यप्रदेश की रैकिंग 15 से 11वें स्थान पर पहुंचने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे देश और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धि करार देते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार के कार्यकाल में मध्यप्रदेश तेजी से विकास और समृद्धि की राह पर कदम बढ़ा रहा है तथा देश को दुनिया की आर्थिक महाशक्ति बनाने में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। श्री जिराती ने कहा कि उद्योगों के क्षेत्र में हासिल इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा की सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए संकल्पित है और अब सरकार के इन प्रयासों के परिणाम भी दिखाई देने लगे हैं।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती ने कहा कि प्रदेश की जनता ने वर्ष 2003 के पूर्व मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसते मध्यप्रदेश को देखा है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन की ताजा रिपोर्ट से यह साबित होता है कि भाजपा सरकार ने बीते 20 वर्षों में लगातार प्रयासों से मध्यप्रदेश की दिशा और दशा को बदला है। ऑर्गनाइजेशन की रिपोर्ट के अनुसार मप्र के निर्यात में 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और प्रदेश से विदेशों को होने वाला निर्यात 70 हजार करोड़ से ऊपर पहुंच गया है। इसके चलते मध्यप्रदेश जो बीते वर्ष तक निर्यात के मामले में 15 वें स्थान पर था, अब 11 वें स्थान पर पहुंच गया है। रिपोर्ट के अनुसार फार्मास्यूटिकल, इंजीनियरिंग गुड्स और सोया आधारित कृषि उत्पाद मिलाकर मध्यप्रदेश ने विश्व बाजार के प्रतिमानों के अनुसार निर्यात रैंकिंग में बढ़ोतरी की है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती ने कहा कि निवेश मित्र औद्योगिक विकास की नीतियां, औद्योगीकरण का बढ़ता आधार मध्यप्रदेश का निर्यात बढ़ने के प्रमुख कारण रहे हैं। इसके अलावा निर्यात को प्रोत्साहित करने वाली अधोसंरचना में बढ़ोतरी होना और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों का मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित होना भी प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्ववर्ती सरकारों ने मध्यप्रदेश में सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं जुटाने के लिए काम किया, जिसके चलते राज्य में औद्योगिक विकास का आधार तैयार हो सका। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार जिस तरह की निवेश मित्र योजनाएं चला रही हैं, देश-विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने के लिए जो प्रयास कर रही है, क्षेत्रीय स्तर पर इन्वेस्टर्स समिट और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जो आयोजन हुए, उसके चलते मध्यप्रदेश अब निवेशकों की पसंद बन गया है। मध्यप्रदेश में तेजी से निवेश आ रहा है और औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज हुई है।

 

(आशीष उषा अग्रवाल)

प्रदेश मीडिया प्रभारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481