रातीबढ़ से मुगालिया छाप तक 10Km अतिक्रमण हटेगा
भोपाल के रातीबढ़ से मुगालिया छाप तक 10 किलोमीटर सड़क किनारे का अतिक्रमण हटेगा। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने एसडीएम से कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर मुगालिया छाप में स्कूल, गोशाला और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे। तभी उन्हें सड़क किनारे अतिक्रमण दिखाई दिया।
कलेक्टर ने शासकीय हाई सेकंडरी स्कूल, गोशाला एवं आंगनवाड़ी केंद्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बच्चों से पूछा- समझ में आ रहा है? कलेक्टर ने स्कूल में निरीक्षण के दौरान बच्चों से पढ़ाई के बारे में भी पूछा। कहा कि समझ में आ रहा है कि नहीं? इस पर बच्चों ने हां में जवाब दिया। गोशाला में कलेक्टर ने गायों को चारा भी खिलाया।
स्कूल की बिल्डिंग 15 दिन में कराए निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने शासकीय हाई सेकंडरी स्कूल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्कूल के प्राचार्य को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में किसी भी जर्जर कक्षा में शिक्षण कार्य न किया जाए। प्राचार्य ने जानकारी दी कि स्कूल बिल्डिंग में कोई भी कक्षा जर्जर नहीं है। सभी कक्षाएं पक्के और सुरक्षित भवनों में संचालित हो रही हैं। कलेक्टर ने जर्जर हिस्से में कक्षा न लगाने और 15 दिन में मरम्मत कराने की बात कहीं।

गोशाला का काम लेट तो होगी कार्रवाई कलेक्टर ने मुगालिया छाप में निर्माणाधीन गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ शिवानी मिश्रा को निर्देश दिए कि गोशाला का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समय-सीमा में कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं सरपंच के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
