मेडिकल स्टूडेंट रेप केस- 10 पुलिस टीम अस्पताल पहुंची
देवास के निजी मेडिकल कॉलेज में एक ही दिन में रेप और रेप की कोशिश के दो मामले सामने आए। इससे भड़के स्टूडेंट्स ने कॉलेज में जमकर हंगामा किया। देवास-उज्जैन रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस, प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन की समझाइश-आश्वासन के बाद मामला शांत हो सका।
मामला देवास के अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस का है। मंगलवार दोपहर को इस मेडिकल कॉलेज के डॉ. रूपम जैन ने हॉस्टल में 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म किया। पीड़िता करीब डेढ़ महीने पहले माता-पिता के साथ डॉ. जैन से मिली थी। इसके बाद डॉक्टर ने मंगलवार को उसे चेकअप और काउंसलिंग के बहाने बुलाया था।
दूसरी वारदात मंगलवार रात की है। इसमें एक अज्ञात बदमाश मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में घुस आया। फिर एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा के कमरे में दाखिल हो गया। छात्रा के गले पर चाकू अड़ाकर दुष्कर्म की कोशिश की।
दोनों ही केस की जांच के लिए पुलिस की 10 टीमें बनाई गई हैं। गुरुवार दोपहर को 40 पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और सबूत जुटाए। पड़ताल में सामने आया कि हॉस्टल में जिस जगह पीछे के स्थान पर घटनाक्रम हुआ था, वहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे।

केस 1: चेकअप के बहाने बुलाकर रेप किया 17 साल की पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले एक आयोजन में डॉ. रूपम जैन से मुलाकात हुई थी। डॉ. रूपम ने बताया था कि वह अमलतास हॉस्पिटल देवास में काम करते हैं। उनसे मेरी हेल्थ चेकअप और काउंसलिंग के संबंध में बात हुई थी। इसके बाद जैन से इलाज को लेकर फोन पर बात होती रहती थी। 17 जून को डॉक्टर ने कॉल कर अमलतास हॉस्पिटल बुलाया था। सुबह करीब 11.30 बजे हॉस्पिटल पहुंची। डॉक्टर केबिन में थे। मैं गई तो उन्होंने मुझे चॉकलेट दी। चेकअप के बहाने गलत काम किया। घर आकर मैंने परिवार को पूरी बात बताई। फिर हम थाने गए।
मंगलवार रात को डॉ. जैन को गिरफ्तार कर लिया गया। डॉ. रूपम जैन ने दो साल पहले भी आरडी गार्डी अस्पताल में ऐसी हरकत की थी। तब पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था।
केस 2: गर्ल्स हॉस्टल में डक्ट के रास्ते घुसा बदमाश दूसरे मामले में मंगलवार रात एक बदमाश एमबीबीएस छात्रा के कमरे में डक्ट के रास्ते घुसा। वह सो रही छात्रा के ऊपर बैठ गया और गले पर चाकू अड़ा दिया। छात्रा के मुताबिक, बदमाश 10 मिनट तक गलत हरकत करने की कोशिश करता रहा।
युवती ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी से पीने का पानी मांगा। जैसे ही बदमाश उससे अलग हुआ, छात्रा भागी और बाहर से दरवाजा लगा दिया। उसने शोर मचाया तो हॉस्टल में मौजूद अन्य लोग उठकर आए, लेकिन तब तक बदमाश खिड़की से बाहर भाग गया था। पुलिस उसे पकड़ने के लिए अस्पताल परिसर में लगे 320 सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
बताया जा रहा है कॉलेज में जिस दिन छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई, उस दिन उसकी रूम पार्टनर वहां मौजूद नहीं थी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ सबूत मिले हैं। आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा।
छात्रों ने एबीवीपी के साथ मिलकर किया चक्काजाम बुधवार को मेडिकल स्टूडेंट्स को दोनों वारदात के बारे में जानकारी लगी। सुबह करीब 10 बजे वे इकट्ठे होकर कॉलेज पहुंचे। प्रदर्शन करने लगे। एबीवीपी के लोग भी पहुंच गए। प्रदर्शनकारी अस्पताल संचालक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही बीएनपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने।
करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। उज्जैन की तरफ से आने वाले वाहनों को शिप्रा-उज्जैन बायपास से इंदौर रोड की तरफ डायवर्ट करना पड़ा। इसके बाद एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया की समझाइश पर विद्यार्थियों ने जाम हटा लिया। वे सर्विस रोड पर जाकर बैठ गए।
अस्पताल संचालक से झूमाझटकी, कार रोकी हंगामा थमता नहीं देखकर अस्पताल संचालक सुरेश भदौरिया और उनके बेटे व प्रबंधक मयंकराज भदौरिया मौके पर पहुंचे। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार को कॉलेज परिसर में नहीं जाने दिया। उनके साथ झूमाझटकी की।
छात्रों ने आरोप लगाया कि सुबह से दोपहर तक चले पूरे घटनाक्रम के दौरान अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी बार-बार उन्हें धमकाते रहे। यूनिवर्सिटी डायरेक्टर सुनील सेंगर विद्यार्थियों से कह रहे थे, ‘अगर अंदर नहीं आओगे तो डिग्री हमें ही देना है, ध्यान रखना।’
गर्ल्स हॉस्टल वार्डन रोशनी को बर्खास्त करने के बाद ही प्रदर्शन खत्म हो पाया।

सीईओ बोले- डॉक्टर ने फ्लैट पर किया गलत काम मामले में अमलतास हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. जगत रावत ने कहा- डॉ. रूपम जैन मूलत: गुजरात के रहने वाले हैं। वे टीचिंग फैकल्टी थे। हमने उनके व्यवहार के चलते 5 जून को ही टर्मिनेट कर दिया था। टर्मिनेशन के बाद भी उन्होंने फ्लैट खाली नहीं किया। इसी फ्लैट में उन्होंने नाबालिग से रेप किया। अब अस्पताल प्रबंधन उनके खिलाफ फ्लैट खाली नहीं करने की एफआईआर कराएगा।
छात्राओं के लिए सुरक्षा गार्ड बढ़ाएंगे, पुरुष की एंट्री बंद अस्पताल प्रबंधक मयंकराज भदौरिया ने कहा- छात्राओं के लिए सुरक्षा गार्ड बढ़ाएंगे। गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष की एंट्री बंद रहेगी। अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं, बीएनपी थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने कहा-
छात्रा की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। उसकी तलाश की जा रही है। वहीं, नाबालिग के साथ दुष्कर्म वाले डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की सूचना पुलिस को तुरंत नहीं मिली। इस कारण विद्यार्थियों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझाइश के बाद जाम खुलवाया।

