खंडवा: एसपी ऑफिस में महिला ने खाया ज़हर, बेटी बोली – “न्याय न मिला तो मर जाऊंगी”
खंडवा: एसपी ऑफिस में महिला ने खाया ज़हर, बेटी बोली – “न्याय न मिला तो मर जाऊंगी”
खंडवा, मध्य प्रदेश।
न्याय की गुहार लगाते-लगाते थकी एक महिला ने गुरुवार को खंडवा एसपी ऑफिस परिसर में जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। पीड़िता की बेटी का आरोप है कि पुलिस उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी, जिससे वे मानसिक रूप से टूट चुकी थीं। महिला की हालत गंभीर है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता, रीमा बाई (55) रामनगर क्षेत्र की रहने वाली हैं। पिछले एक महीने से वे अपनी बेटी हिमानी चौहान के साथ लगातार पुलिस थानों और एसपी ऑफिस के चक्कर काट रही थीं। रीमा का कहना था कि कुछ युवक उधारी के पुराने विवाद को लेकर उन्हें धमका रहे हैं, गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं।
गुरुवार को जब इन युवकों ने फिर हिमानी के साथ दुकान पर मारपीट की और उसका मोबाइल तोड़ दिया, तो मां-बेटी शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंचीं। वहां बताया गया कि एसपी मीटिंग में हैं और नहीं मिल सकते। इसी से निराश होकर रीमा ने परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया।
महिला के बेहोश होते ही अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हिमानी ने भावुक होकर कहा: “मां रोज न्याय की भीख मांग रही थीं, लेकिन पुलिस सुन नहीं रही थी। आज जब उन्हें फिर टाल दिया गया, तो उन्होंने हार मान ली। अगर हालात ऐसे ही रहे तो मैं भी अपनी जान दे दूंगी।”
हिमानी का कहना है कि शिकायतों के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
