भोपाल में पीएससी की कोचिंग फ्री
भोपाल में यूपीएससी (संघ लोक सेवा आयोग) और एमपीपीएससी (मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग) की फ्री कोचिंग के लिए इतने रजिस्ट्रेशन हो गए हैं कि अब स्टूडेंट्स को टेस्ट देना पड़ेगा। टेस्ट का फॉर्मेट एमपीपीएससी प्रीलिम्स जैसा ही होगा।
फ्री कोचिंग की कुल 150 सीटों के लिए 900 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है। ये रजिस्ट्रेशन अक्टूबर में किए गए थे। इस हिसाब से हर 6 आवेदकों में से 1 को ही सिलेक्ट किया जाएगा।
दरअसल, कई युवा ऐसे हैं, जो कॉम्पिटीटिव एग्जाम की तैयारी तो कर रहे हैं लेकिन महंगी फीस की वजह से कोचिंग नहीं कर पाते हैं। ऐसे युवाओं के लिए भोपाल जिला प्रशासन फ्री में कोचिंग शुरू कर रहा है। ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो जाने की वजह से 24 नवंबर को टेस्ट कराया जाएगा। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया-
भोपाल के ऐसे युवा, जो यूपीएससी और एमपीपीएससी की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए फ्री कोचिंग क्लासेस शुरू कर रहे हैं। दिसंबर से कोचिंग की शुरुआत हो जाएगी।


अफसर पढ़ाएंगे, विषय विशेषज्ञ भी आएंगे फ्री कोचिंग में स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े लोगों और कॉलेज के प्रोफेसर्स की भी मदद ली जाएगी। कोचिंग भोपाल के हमीदिया ऑर्ट्स एवं कॉमर्स कॉलेज में शुरू होगी। ऐसे अफसर जो बच्चों को पढ़ाने में रुचि रखते हों, वे एक से दो घंटे की नियमित क्लास लेंगे। इसके अलावा ऐसे लोग जो विषय विशेषज्ञ हैं और पढ़ाना चाहते हैं, वे भी आएंगे।
एनजीओ की मदद से शुरू होगी क्लास यह कोचिंग एनजीओ ‘आदर्श परिवार एवं आधुनिक नालंदा’ के सहयोग से शुरू की जा रही है। एनजीओ से जुड़े राम लखन मीणा ने बताया-
सिविल सेवा की फ्री कोचिंग के लिए 18 से 25 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन किए गए थे। 990 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें 394 लड़कियां हैं।


इन्हें दी गई टेस्ट कराने की जिम्मेदारी कलेक्टर सिंह ने हमीदिया कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. पुष्पलता चौकसे, कलेक्टर कार्यालय में ओएसडी पीएस पांडे, एसडीएम शहर दीपक पांडे और एनजीओ से जुड़े राम लखन मीणा को टेस्ट कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसको लेकर एक बैठक भी हो चुकी है।
मीणा ने बताया कि हमीदिया कॉलेज के एक हॉल में टेस्ट की व्यवस्था कर रहे हैं। इसमें 150 युवा बैठ सकते हैं।
