मंत्री बिट्टू, रघुराज और शिवसेना MLA पर FIR की मांग
केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू, यूपी के मंत्री रघुराज सिंह और शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ की नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर की बयानबाजी पर कांग्रेस नेताओं ने भोपाल के टीटी नगर थाने में शिकायती आवेदन दिया है। जिसमें कहा है कि राहुल गांधी सच्चे देशभक्त हैं, उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। तीनों नेताओं के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। जिससे सांप्रदायिक सदभाव बिगाड़ने वाली ताकतों को सबक मिल सकें।
एमपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को वीडियो जारी कर कांग्रेस नेताओं से अपने-अपने थाना क्षेत्र में FIR कराने का आग्रह किया था। इसके बाद भोपाल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपू तोमर ने कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल के कमला नगर थाने में FIR दर्ज कराने आवेदन दिया है।
जीतू पटवारी बोले- यह सब नरेंद्र मोदी के इशारे पर
पीसीसी चीफ ने मंगलवार को वीडियो जारी किया। कहा- राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा के नेता लगातार अर्नगल बयानबाजी केंद्र और राज्य के नेता कर रहे हैं। ये सब नरेंद्र मोदी के इशारे पर हो रहा है। जिस व्यक्ति ने 4 हजार किलोमीटर पैदल चलकर देश की एकता-अखंडता की बात की। देश के वो मुद्दे जो गरीब और आमजन के हैं, वो उठाते हैं, तो नरेंद्र मोदी को अच्छा नहीं लगता।
करोड़ों अरबों रुपए लगाकर उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया गया। बावजूद प्रेम मोहब्बत उनके ब्लड में है। उनके पिता ने देश के लिए शहादत दी। उनकी दादी ने देश की अखंडता और भाईचारे के लिए सीना छलनी करा लिया। उस परिवार के व्यक्ति के लिए ऐसी भाषा बोलना बर्दाश्त के बाहर है। मेरा आग्रह है कि जो भी संबंधित थाना है, तीनों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराएं।

केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने कहा था-नंबर एक आतंकी
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने भागलपुर में दो दिन पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को देश का नंबर वन आतंकी बताया था। केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने कहा, राहुल गांधी ने सिखों को बांटने की कोशिश की है। सिख किसी पार्टी से जुड़ा नहीं है। यह चिंगारी लगाने की कोशिश है। राहुल गांधी देश के नंबर वन टेररिस्ट हैं।’
बिट्टू ने कहा- मैंने चैंलेंज किया है कोई सिख जो यहां खड़ा है, जो किसी पार्टी से जुड़ा नहीं है। यहां बोल दे भागलपुर में किसी ने उनसे बोला कि आप कड़ा नहीं डाल सकते। किसी ने कहा हो, आप पगड़ी नहीं डाल सकते। किसने कहा गुरुद्वारे नहीं जा सकते। एक सिख यहां खड़ा होकर कह दे।
मैं अभी बीजेपी छोड़ दूंगा। चिंगारी लगाने के लिए पहले मुस्लिमों को यूज करने की कोशिश की। जब नहीं हुआ, तो बिल्कुल बॉर्डर पर जो सिख हैं जो देश की रक्षा करते हैं, उनमें फूट डालने की कोशिश करते हैं।
यूपी मंत्री बोले- देश का नंबर प्रथम आतंकवादी
उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं नियोजन राज्यमंत्री रघुराज सिंह ने सोमवार को इंदौर में कहा-
राहुल गांधी इस देश का नंबर प्रथम आतंकवादी है। अंग्रेज मर गए औलाद छोड़ गए। इनका न तो कोई धर्म है। बाबा इनके मुसलमान थे। बाप क्रिश्चियन हो गए। क्रिश्चियन महिला से शादी की। तो ये न मुसलमान रहे, ना हिन्दू रहे, न क्रिश्चियन रहे और ना ही सिख हुए। ये तो ऐसी पांचवीं जाति बन गई है। इनको किसी से सरोकार नहीं हैं। हिन्दुस्तान से लेना-देना नहीं हैं। ये इटली से हिन्दुस्तान को लूटने आए हैं। तो इस प्रकार से ये नंबर वन आतंकवादी हैं।

शिवसेना विधायक ने कहा- जीभ काटने वाले को 11 लाख दूंगा
शिवसेना विधायक संजय गायकवाड ने राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा- आज वह देश से आरक्षण खत्म करने की भाषा बोल रहे हैं और उन्होंने कांग्रेस का असली चेहरा दिखा दिया है। जो कोई भी राहुल गांधी की जीभ काटेगा। मैं उसे 11 लाख रुपए का इनाम दूंगा।
हाल में अमेरिका की अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने अखिल भारतीय जाति जनगणना की आवश्यकता के बारे में बात की। कहा कि इससे भारत के संस्थानों में कमजोर वर्गों की भागीदारी बेहतर होगी।
