वृद्धजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आज
वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं उपचार के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर कालापीपल कोलार रोड में विशेष शिविर का आयोजन आज 5 सितंबर को किया जा रहा है। जिसमें स्वास्थ्य विभाग भोपाल द्वारा उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह जांच, नेत्र परीक्षण, मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं दी जायेंगी। शिविर में आभा आई डी एवं आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी दी जाएगी। सभी जांचें एवं दवाइयां निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि जिले में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं । पूर्व में ओल्ड एज होम में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में दो सौ से अधिक वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, जांच एवं उपचार किया गया था।
60 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजनों के स्वास्थ्य की स्थिति को जानने के लिए वृद्धजन हेड काउंट सर्वे भी करवाया जा रहा है। जिसमें वृद्धजनों के चलने फिरने की स्थिति या अन्य शारीरिक समस्याओं, मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति, गंभीर बीमारियों की जानकारी एवं बुजुर्गों की देखभाल के लिए घर के सदस्यों की जानकारी ली जा रही है।
