कांग्रेस ने देश की एकता और अखंडता को खंडित करने का कार्य किया – प्रधानमंत्री जी गरीबों का जीवन संवार रहे, उन्हें मजबूती देने सदस्य बनाएं -श्री विष्णुदत्त शर्मा

0
Spread the love

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले के मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक एवं मिसरोद मंडल के बूथ क्रमांक 302 की कार्यशाला को किया संबोधित
————————————————–
– संगठन पर्व हमारे लिए पार्टी का सबसे बड़ा त्योहार, इसे ऐतिहासिक बनायें
– सदस्यता अभियान कमजोरी को मजबूती में बदलने का अवसर
– कांग्रेस ने देश की एकता और अखंडता को खंडित करने का कार्य किया
– प्रधानमंत्री जी गरीबों का जीवन संवार रहे, उन्हें मजबूती देने सदस्य बनाएं
-श्री विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल, 01/09/2024। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले के मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक एवं मिसरोद मंडल के बूथ क्रमांक 302 की संगठन पर्व बूथ कार्यशाला को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक को प्रदेश कार्यालय में सम्बोधित करते हुए कहा कि पार्टी का संगठन पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्योहार है। हमें प्राणप्रण से जुटकर सदस्यता के लिए पार्टी ने जो लक्ष्य तय किया है उसे हासिल करना है। सदस्यता अभियान सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि कमजोरी को मजबूती में बदलने का अवसर है। वहीं बूथ की कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि कांगेस ने आजादी के बाद से ही देश की एकता और अखंडता को खंडित करने का कार्य किया। प्रधानमंत्री जी गरीबों का जीवन संवार रहे हैं, उन्हें मजबूती देने के लिए रिकॉर्ड संख्या में सदस्य बनाएं। मोर्चा-प्रकोष्ठों की बैठक को प्रदेश महामंत्री, प्रदेश सदस्यता प्रभारी व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, जिला अध्यक्ष श्री सुमित पचौरी ने भी सम्बोधित किया।
भोपाल के कार्यकर्ता अपनी भूमिका निभाकर लक्ष्य हासिल करने में जुए जाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्योहार है। समय कम है हमें मेहनत ज्यादा करनी है। मोर्चा प्रकोष्ठ हमारी ताकत है। हमें हर बूथ पर 200 से अधिक नए सदस्य जोड़ना है और इस काम में हर मोर्चे की भूमिका होगी। मोर्चा और प्रकोष्ठ योजनाएं बनाकर कार्य प्रारंभ करें सफलता अवश्य मिलेगी। श्री शर्मा ने कहा कि भोपाल में कुछ विधानसभा सीटें ऐसे लोगों के हाथ में है जो दिन भर देशद्रोही ताकत के साथ खड़ी रहती है। हमें इन विधानसभाओं के बूथों पर अधिक फोकस करना है। उन्होंने कहा कि हमारे मोर्चे और प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की पहुंच बनाने का माध्यम हैं। सदस्यता अभियान में भोपाल के कार्यकर्ता अपनी-अपनी भूमिका निभाकर लक्ष्य हासिल करने में जुट जाएं।
विद्वेष फैलाने वालों पर प्रहार के लिए पार्टी की ताकत बढ़ाना जरूरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आजादी के 75 वर्षों में कांग्रेस ने झूठ और छल-कपट की राजनीति है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने गरीब के इलाज चिंता की। ट्रिपल तलाक का कानून बनाकर मुस्लिम समाज की महिलाओं को नरक से झुटकारा दिलाने का कार्य किया। गरीबों को प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज और मकान दिया है। हमें अल्पसख्यकों के पास जाकर उन्हे पार्टी से जोड़ना है। झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता को झोपड़ी में रहने वाले को भी सदस्य बनाना है। पार्टी के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने कहा था हमारा परंपरागत विरोधी है, उन्हें भी मतदाता बनाना है, जो मतदाता बन गये हैं, उन्हें सदस्य बनना है। उन्होंने कहा कि हमारा सदस्यता अभियान सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि जिन क्षेत्रों में हम कमजोर हैं, उनमें मजबूती प्रदान करने के लिए है। देश में आज भी कई ताकतें विद्वेष फैला रही हैं। इन ताकतों पर प्रहार करने के लिए भाजपा का शक्तिशाली होना जरूरी है। इसलिए सदस्यता अभियान में पार्टी का विस्तार कर पार्टी की ताकत बढ़ाएं।
देश की एकता और अखंडता के लिए भाजपा ने बलिदान दिया है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने भोपाल में गोविंदपुरा विधानसभा के मिसरोद मंडल के बूथ क्रमांक 302 की संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश के आजाद होने के तुरंत बाद से ही देश की एकता और अखंडता को खंडित करने का कार्य किया है। स्व. जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने और उन्होंने जम्मू-कश्मीर राज्य को अलग स्वायत्तता प्रदान करने का प्रावधान संविधान में करा दिया, जिससे जम्मू-कश्मीर का झंडा अलग, प्रधानमंत्री अलग हो गया। तब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने जनसंघ की स्थापना की और एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेगा का नारा देते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए आंदोलन किया और बलिदान दिया। जनसंघ ही आगे चलकर वर्ष 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी बनी। आप सभी गर्व करें कि उस पार्टी के सदस्य हैं, जिनके नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान दे दिया। आप लोगों की मेहनत से स्पष्ट बहुमत की केंद्र में सरकार बनी तो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटा दिया। अब कश्मीर के लालचौक पर 24 घंटे शान से तिरंगा लहरा रहा है।
प्रधानमंत्री का हाथ मजबूत करने सभी मतदाताओं को सदस्य बनाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी गरीबों का जीवन संवारने के लिए कार्य कर रहे हैं। वे एक गरीब के घर में पैदा हुए, इसलिए उन्हें गरीबों का दुःख और दर्द अच्छे से पता है। प्रधानमंत्री बनते ही श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गरीबों को पक्की छत देने के लिए पीएम आवास योजना शुरू की। गांव-गांव पक्की सड़क और स्वच्छ पेय जल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन लागू किया। कोरोना संक्रमण काल आया तो प्रधानमंत्री जी ने देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने की योजना चलाई, जो आज भी चल रही है। गरीबों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आयुष्मान योजना लागू करके देश के हर गरीब को 5 लाख रूपए के मुफ्त इलाज की गारंटी पदान की। जो गरीब पक्के मकान से वंचित रह गए हैं, उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 3 करोड़ पक्के मकान बनाने को मंजूरी प्रदान कर दी है। जो देश की आम जनता, महिला, गरीब, युवा, किसान की जिंदगी को संवार रहे हैं, ऐसे इसलिए कर पा रहे हैं, क्योंकि आप सभी कार्यकर्ताओं ने मजबूत संगठन के साथ प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय दिलाई है। प्रधानमंत्री जी के हाथ को और मजबूती देने के लिए अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पार्टी का सदस्य बनाकर श्री मोदी जी को और ताकतवर बनाने का कार्य करें।

(आशीष उषा अग्रवाल)
प्रदेश मीडिया प्रभारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481