देश का मानसून ट्रैकर
अरब सागर में 48 साल बाद अगस्त में चक्रवाती तूफान की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह कहा- गुजरात के करीब अरब सागर में यह तूफान 12 घंटे में देखने को मिल सकता है।
तूफान का सबसे ज्यादा असर गुजरात के कच्छ में दिखेगा। यहां 65 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। तूफान के चलते राजकोट, जामनगर, पोरबंदर, जूनागढ़, द्वारका में भी भारी बारिश का अलर्ट है।
कच्छ और राजकोट में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। कच्छ में कच्चे मकानों में रह रहे लोगों को घर खाली करने का आदेश दिया है। कलेक्टर ने कहा है कि जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले।
गुजरात में 1 हफ्ते से जारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात बने हुए हैं। यहां 4 दिन 32 लोगों की जान गई है। NDRF-SDRF के बाद सेना को भी तैनात किया गया है।

80 साल में अगस्त में सिर्फ 3 बार तूफान
मौसम विभाग ने कहा है कि बहुत ही रेयर केस में अगस्त में चक्रवाती तूफान देखने को मिलते हैं। अब तक सिर्फ तीन तूफान अगस्त महीने में अरब सागर से उठे हैं। पहली बार 80 साल पहले (1944 में) अरब सागर से तूफान उठा था, जो बाद में कमजोर पड़ गया। 1964 में गुजरात तट पर एक सर्कुलेशन बना था, जो बाद में तट तक आते कमजोर हो गया। अगस्त में सबसे आखिरी तूफान 1976 में आया था, जो ओडिशा के पास से चला था और बाद में धीमा हो गया था। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में 132 सालों में अगस्त में 28 तूफान आ चुके हैं।
गुजरात में बाढ़ और बारिश की 4 तस्वीरें…






दिल्ली में 12 साल का रिकॉर्ड टूटा, आज 14 राज्यों में अलर्ट
दिल्ली में अगस्त में 378.5 मिमी बारिश हुई। यह शहर में पिछले 12 साल में बारिश का हाईएस्ट है। मौसम विभाग ने 30 अगस्त को उत्तर प्रदेश समेत देश के 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

देशभर से बारिश की 5 तस्वीरें…





31 अगस्त को 6 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक में बहुत भारी बारिश (12 सेमी से ज्यादा) का अलर्ट है।
- उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, मिजोरम, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 7 सेमी बारिश हो सकती है।

राज्यों की मौसम की खबरें…
मध्य प्रदेश: 31 अगस्त से जबलपुर-रीवा में तेज बारिश, इंदौर-उज्जैन में धूप रहेगी; अब तक 33.6 इंच बारिश

मध्यप्रदेश में 31 अगस्त से मौसम का नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है। यह 2 दिन राज्य के पूर्वी हिस्से- जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में तेज बारिश कराएगा। मालवा-निमाड़ यानी इंदौर-उज्जैन संभाग में धूप रहेगी। भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर संभाग में हल्की बारिश होगी।
बिहार: मानसून कमजोर पड़ा, किसी जिले में बारिश का अलर्ट नहीं, अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी

बिहार में एक बार फिर मानसून कमजोर पड़ गया है। इससे पिछले कई दिनों से प्रदेश में झमाझम बारिश नहीं हुई है। बारिश नहीं होने के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सीतामढ़ी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है।
हिमाचल प्रदेश: 5 जिलों में बाढ़ की चेतावनी, मानसून सीजन में सामान्य से 23 प्रतिशत कम बारिश

हिमाचल प्रदेश के 5 जिलों में आज सुबह 11.30 बजे बारिश बाढ़ का अलर्ट दिया गया है। यह चेतावनी चंबा, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में दी गई है। इससे पहाड़ों पर लैंडस्लाइड और निचले इलाकों में जल भराव की समस्या हो सकती है। आज से 2 दिन तक मानसून कमजोर रहेगा |


