राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के संबंध में प्रदेश अध्यक्ष की बाइट

0
Spread the love

न्याय नहीं, माफी यात्रा निकाले देश के साथ अन्याय करने वाली नेहरू कांग्रेस
कांग्रेस पार्टी द्वारा देश में किए गए भ्रष्टाचार के लिए माफी मांगें राहुल गांधी
देश तोड़ने वालों के मुंह से बेईमानी जैसी लगती है भारत जोड़ने की बात
– श्री विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल। कांग्रेस पार्टी का देश तोड़ने का इतिहास रहा है और आज भी कांग्रेस पार्टी यही कर रही है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अपनी पिछली यात्रा में देश के टुकड़े करने के नारे लगाने वाली टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्यों के साथ कदम से कदम मिलाकर चले हैं। देश विरोधियों के साथ खड़ी रहने वाली कांग्रेस पार्टी को भारत जोड़ने की बात करने का क्या अधिकार है? राहुल गांधी अगर अपनी यात्रा को भारत जोड़ो यात्रा कह रहे हैं, तो यह सफेद झूठ है, देश-प्रदेश की जनता के साथ बेईमानी है और जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही।
कांग्रेस के ताबूत में कील ठोकने को तैयार है प्रदेश की जनता
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी एक यात्रा लेकर मध्यप्रदेश आए थे। उनकी वह यात्रा जिन क्षेत्रों से होकर गुजरी थी, वहां कांग्रेस का पूरी तरह बंटाढार हो गया है। देश विरोधियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाले राहुल गांधी एक बार फिर प्रदेश की जनता की आंखों में धूल झोंकने मध्यप्रदेश आ रहे हैं। लेकिन मध्यप्रदेश में परिदृश्य साफ है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पूरी सफाई कर दी है। प्रदेश की जनता प्रदेश के सभी 64523 बूथों को कांग्रेस मुक्त बूथ बनाने और कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील ठोकने के लिए तैयार है। प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद देने के लिए तैयार है, उनके साथ खड़ी है।
भगवान राम का अपमान क्यों किया, जनता को जवाब दें राहुल गांधी
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी के एक अभियान के दौरान मुझे राघोगढ़ जाने का अवसर मिला था, जहां बहुत थोड़े से अंतर से कांग्रेस जीती है। वहां की जनता ने दिग्विजयसिंह से पूछा था कि आपने भगवान श्रीराम का अपमान क्यों किया? यही सवाल आज प्रदेश की जनता राहुल गांधी से पूछ रही है। श्री शर्मा ने कहा कि भगवान श्री राम पूरे देश के आराध्य है। देश-विदेश में रह रहे करोड़ों भारतीयों के हृदय में बसे हैं। उन भगवान राम की जब अयोध्या में बने भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा हो रही थी, तो कांग्रेस पार्टी ने इस कार्यक्रम की अवहेलना की, उसे नकार दिया। राहुल गांधी को मध्यप्रदेश की जनता को इस बात का जवाब देना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी ने भगवान श्रीराम का अपमान क्यों किया? श्री शर्मा ने कहा कि नेहरू कांग्रेस ने देश के साथ जो अन्याय किया है, उसके लिए राहुल गांधी को न्याय यात्रा नहीं माफी यात्रा निकालना चाहिए। कांग्रेस ने देश में जो भ्रष्टाचार, लूट खसोट की है, उसके लिए राहुल गांधी देश और प्रदेश की जनता से माफी मांगें।

(आशीष अग्रवाल)
प्रदेश मीडिया प्रभारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481