शिवराज ने आडवाणी के पैर छूकर लिया आशीर्वाद

एनडीए संसदीय दल के नेता नरेंद्र मोदी ने रविवार को तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। सोमवार शाम 5 बजे पीएम आवास लोक कल्याण मार्ग पर कैबिनेट की पहली बैठक और उसके बाद डिनर होगा। बैठक में मंत्रियों को उनके विभाग बांटे जा सकते हैं। साथ ही सरकार के पहले सौ दिन के रोड मैप पर भी चर्चा होगी।
मोदी कैबिनेट में मंत्री बनने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली में पहला पौधा लगाया। उन्होंने पत्नी साधना सिंह चौहान, दोनों बेटे कुणाल और कार्तिकेय के साथ दिल्ली में मध्यप्रदेश भवन के करीब चंपा का पौधा रोपा। दैनिक भास्कर से चर्चा में शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘पौधा लगाना जिंदगी का क्रम है। आगे भी लगाते रहेंगे।’
इसके बाद वे सपरिवार पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलने पहुंचे। शिवराज ने पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और राज्यपाल मंगू भाई पटेल से भी मुलाकात की। उन्होंने आडवाणी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

कोविंद, आडवाणी और राज्यपाल पटेल से मिले शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। इस दौरान पत्नी साधना सिंह और दोनों बेटे- कार्तिकेय और कुणाल भी उनके साथ थे। शिवराज पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और राज्यपाल मंगू भाई पटेल से भी मिलने पहुंचे।



शिवराज को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
आज शाम 5 बजे प्रधानमंत्री आवास पर मोदी कैबिनेट की पहली बैठक होगी। इसमें मंत्रियों को उनके विभाग बांटे जा सकते हैं। यह तय माना जा रहा है कि अमित शाह और राजनाथ सिंह के विभाग नहीं बदले जाएंगे। पहले की तरह शाह गृह मंत्री और राजनाथ रक्षा मंत्री बने रहेंगे। वहीं, पहली बार केंद्रीय मंत्री बने शिवराज सिंह चौहान को भी बड़ा मंत्रालय मिलने की उम्मीद है।
सीएम यादव ने असम के मुख्यमंत्री से की मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली प्रवास के दौरान असम के सीएम डॉ. हिमंत बिश्वशर्मा के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। बिश्वशर्मा ने पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए यादव को कामाख्या देवी के मंदिर की प्रतिकृति, पाट-सिल्क का गमोचा, असम की चायपत्ती और काजीरंगा के गैंडे की प्रतिकृति दी। दोनों नेताओं के बीच मध्यप्रदेश और असम के द्विपक्षीय संबंधों पर बात हुई।

केंद्रीय मंत्री खट्टर से मिले सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार सुबह हरियाणा स्टेट गेस्ट हाउस में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर केंद्रीय मंत्रिपरिषद में चुने जाने पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने संभाला कार्यभार
नरेंद्र मोदी ने रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 71 मंत्रियों ने शपथ ली, इनमें 11 सहयोगी दलों के हैं। शपथ लेने के बाद सोमवार को PM मोदी ने प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। उन्होंने सबसे पहले किसान सम्मान निधि की फाइल पर साइन किए। PMO पहुंचने पर कर्मचारियों ने मोदी का स्वागत किया।

