मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री व पद्म विभूषण से सम्मानित श्रद्धेय स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा जी के जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में श्रद्धा सुमन अर्पित किए

0
Spread the love

पटवा जी के जीवन का हर एक दिन एक पाठ की तरह, उनके बताए मार्ग पर चल रही सरकार
– स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा जी की प्रतिमा लगाने के साथ व्याख्यान माला का आयोजन होगा
– डॉ. मोहन यादव
– गुड गवर्नेंस कैसे लाया जाता है इसकी शुरूआत मध्यप्रदेश में स्वर्गीय पटवा जी ने की
– स्वर्गीय पटवा जी के कार्यों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हम सब भाजपा कार्यकर्ता
– श्री विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल, 11/11/2024। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को भोपाल में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पद्म विभूषण से सम्मानित श्रद्धेय स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा जी के जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धेय सुंदरलाल पटवा जी को याद करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पटवा जी के जीवन का हर एक दिन एक पाठ की तरह है। उनके बताए मार्ग पर ही मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार चल रही है। आज स्वर्गीय पटवा जी के जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम शुरू हुए हैं। श्रद्धेय पटवा जी की प्रतिमा लगाने के साथ व्याख्यान माला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वर्गीय पटवा जी के जीवन के विभिन्न पहलुओं को जनता के सामने लाया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि गुड गवर्नेंस कैसे लाया जाता है, गुड गवर्नेंस कैसे स्थापित किया जाता है, इसकी शुरूआत मध्यप्रदेश में श्रद्धेय सुंदरलाल पटवा जी ने की थी। स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा जी से मिले पाथेय और उनके बताए मार्ग व पदचिन्हों पर चलकर आज मैं कार्य कर रहा हूं। पटवा जी ने मध्यप्रदेश भाजपा को जो रास्ता दिखाया है, आज भी उसी रास्ते पर चल रही है। कार्यक्रम को स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा जी के भतीजे व विधायक श्री सुरेंद्र पटवा ने भी संबोधित किया।
पटवा जी ने राजनीति में अमिट छाप छोड़ी, उन्हीं के बताए मार्ग पर चल रहा हूं- डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धेय पटवा जी ने मध्यप्रदेश की राजनीति में अमिट छाप छोड़ी है। मध्यप्रदेश को भाजपा का गढ़ बनाने के लिए पटवा जी की महती भूमिका है। पटवा जी ने विधायक, नेता प्रतिपक्ष और मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री जैसे पदों को सुशोभित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिम्मेदारी वाले पदों पर रहते हुए कैसे कार्य किया जाता है, यह मैंने श्रद्धेय पटवा जी से ही सीखा है। भाषण के तीखे तेवर, हाजिर जवाबी, टिप्पणियां और सरकार के मुखिया होने पर कैसे कार्य किया जाता है, यह श्रद्धेय पटवा जी से बेहतर कौन सिखा सकता है। दूसरे दलों के लोगों के लिए राजनीति व्यवसाय बन जाती है, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए राजनीति सेवा का माध्यम होती है। समर्पण की भावना से कार्य करना और अपने जीवन को भी परिष्कृत करते रहने का जो मार्ग श्रद्धेय पटवा जी ने हम सबको दिखाया है, वह आज के दौर में बहुत प्रासंगिक है। सरकार में रहते हुए सबका साथ, सबका विकास के साथ सरकार की दबंगई और निडरता कैसे बनाए रखें, यह श्रद्धेय पटवा जी ने अपने कार्यों से हम सबको सिखाया है। भोपाल में वीआईपी रोड के निर्माण में पर्दे के पीछे पटकथा लिखने का कार्य स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा जी ने ही किया। हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने मंदसौर में स्थित स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा जी के नाम पर स्थापित मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया है। गुड गवर्नेंस को लेकर भी पटवा जी के जन्म शताब्दी वर्ष में सरकार के स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हम सभी कार्यकर्ता उनके दिखाएं पदचिन्हों पर चलकर आगे बढ़ रहे हैं -श्री विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री व पद्म विभूषण से सम्मानित श्री सुंदरलाल पटवा का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में हर कार्यकर्ता के मन में उनके प्रति सम्मान है। मध्यप्रदेश की राजनीति को भारतीय जनता पार्टी के नाते स्थापित करने में सबसे महत्वपूर्ण योगदान स्वर्गीय पटवा जी का था। मुख्यमंत्री के रहते पटवा जी ने मध्यप्रदेश में गुड गर्वेंनेस स्थापित किया। वे बहुत ही सहज और सरल व्यक्तित्व के धनी थे। मुझे पटवा जी ने सिखाया कि राजनीति में कैसे स्वयं को काम के लिए तैयार करना है। उनके नेतृत्व ने मेरे मन पर अमिट छाप छोड़ी है, आज भी उन्हें याद करता हूं। पटवा जी की धर्मपत्नी माताजी का आशीर्वाद सदैव हमें हमेशा मिलता है। श्रद्धेय पटवा जी ने जो कार्य किए हैं हम सभी लोग उनके कार्यो को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। कार्यकर्ता के भाव को स्थापित करने का कार्य श्रद्धेय पटवा जी जैसे व्यक्तित्व ने किया है। उन्हीं के दिखाएं पदचिन्हों पर चलकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मैं सत्ता व संगठन के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कई काम ऐसे होंगे जो आगे और करने की आवश्यकता है। उनके दिखाएं रास्ते पर हम सभी लोग आगे बढ़ने का प्रयास करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने श्रद्धेय सुंदरलाल पटवा जी की धर्मपत्नी श्रीमती फूलकुंवर पटवा जी के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रीमती पटवा जी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को आशीर्वाद देने के साथ दुलार भी किया।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, प्रदेश मंत्री श्री राहुल कोठारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481