अमेरिका में भारतीय को 12 साल की सजा

अमेरिका में एक भारतीय शख्स को 13 साल की बच्ची को फुसलाकर उसके साथ यौन संबंध बनाने की कोशिश करने के मामले में दोषी ठहराया गया है। अमेरिकी फेडरल कोर्ट ने गुरुवार को उसे 12 साल की सजा सुनाई है।
आरोपी शख्स सोशल मीडिया पर एक 13 साल की बच्ची के साथ बातचीत करता था। इस दौरान उसने कई बार उसके साथ यौन संबंध बनाने की इच्छा जताई। वह उसे कई अश्लील तस्वीरें भी भेजता था। हालांकि, इस प्रोफाइल को असल में एक अमेरिकी अंडरकवर जासूस ऑपरेट कर रहा था।
स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका में रह रहा था आरोपी
32 साल के आरोपी का नाम उपेंद्र अदुरू है, जो स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका में रह रहा है। अमेरिका के अटॉर्नी एरिक ओलशान ने बताया कि सजा पूरी होने के बाद आरोपी को 10 साल तक निगरानी में रखने का भी आदेश दिया गया है।
मामला सितंबर 2022 से अक्तूबर 2022 के बीच का है। बातचीत के दौरान अदुरू बार-बार उस बच्ची से मिलने की इच्छा जताता था। इसके बाद एक दिन दोनों ने मिलपार्क टाउन के एक पार्क में मिलने का फैसला किया।
आरोपी के पार्क पहुंचने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही उसके फोन को भी जब्त कर लिया गया था। फोन की जांच के दौरान पुलिस को उसमें आरोपी के सभी मैसेज और पोर्नोग्राफिक कंटेंट मिला।

बचपन बचाने की पहल के तहत कार्रवाई
अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया कि प्रोजेक्ट ‘सेफ चाइल्डहुड’ के तहत यह मामले सामने आया था। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत मई 2006 में बाल यौन शोषण और दुर्व्यवहार के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए की गई थी। इसे जस्टिट डिपार्टमेंट ने पूरे देश में लागू किया था।
