जिन कलेक्टरों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वे सुधार करें।

0
Spread the love

भोपाल। जब मैंने कह दिया कि रात्रि विश्राम करना है तो इसका मतलब है कि रात्रि विश्राम करना है। जिन कलेक्टरों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वे सुधार करें। अब पिछले एक साल में किए गए कामों के आधार पर रैंकिंग होगी। जनप्रतिनिधियों से दूरी ना रखें। लगातार भ्रमण और संवाद करें। डिलिवरी सिस्टम को कस्टमर फ्रेंडली बनाएं।

 

यह निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मंत्रालय में कमिश्नरों-कलेक्टरों को वीडियो कांफ्रेंस में दिए। साथ ही योजनाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने गंगा संवर्धन अभियान, संकल्प से समाधान अभियान और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि समर्पित और फोकस होकर काम करें। योजनाओं का मैदानी स्तर पर पूरी दक्षता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

 

अच्छा काम करके स्वयं और सरकार की साख बढ़ाएं। लगातार जिले में भ्रमण करें। लोगों से चर्चा करें। गांवों में रात्रि विश्राम करें। इससे सरकारी योजनाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। संकल्प से समाधान अभियान में 106 प्रकार की योजनाओं का सीधा लाभ जनता और जरूरतमंदों तक पहुंचाया गया। जल गंगा संवर्धन अभियान 30 जून 2026 तक चलेगा। जल संरक्षण और सूख चुके जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने का प्रयास करें। छोटे किसानों का गेहूं पहले खरीदा जाए। समय पर भुगतान भी कराएं। कलेक्टर गेहूं उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करें।

 

नगरीय विकास एवं आवास विभाग से कहा कि वे स्वच्छता अभियान को जल गंगा संवर्धन अभियान से जोड़ लें। जनसहयोग से जगह-जगह पर प्याऊ लगवाएं। स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग को निर्देश दिए कि वे सभी सांदीपनि विद्यालयों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह होना होगा और योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय सीमा में पहुंचाना सुनिश्चित करना होगा।

 

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी बड़े धार्मिक स्थलों पर कम से कम 50 बिस्तर का अस्पताल होने चाहिए। सभी संभागीय मुख्यालयों में बर्न यूनिट स्थापित की जाए। ग्रीष्मकालीन स्थायी निर्देशों (मेडिकल प्रोटोकाल) का कढ़ाई से कराया जाए। सभी अस्पतालों में जरूरी दवाएं उपलब्ध रहें। सभी कलेक्टर एवं नगरीय निकाय स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी कर लें।

 

#CMOMadhyaPradesh #DrMohanYadav #Bhopal #MadhyaPradesh #AdministrativeReform #MPNews #BreakingNews #GoodGovernance #CollectorConference #JalGangaAbhiyan #Development #PublicService

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481