भोपाल के डेम में मिली मूकबधीर युवक की लाश
भोपाल के हथाईखेड़ा डेम में सोमवार सुबह एक युवक की लाश मिली। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अमित विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह इंदौर में होटल में नौकरी करता था और मूकबधिर था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इंदौर में करता था नौकरी अमित विश्वकर्मा पिता शिवरत्न विश्वकर्मा, इंदौर के संजीव नगर का रहने वाला था। वह बचपन से बोल नहीं पाता था और इंदौर के एक होटल में काम करता था।
15 दिन पहले आया था पिता से मिलने परिजनों के अनुसार अमित करीब 15 दिन पहले पिता से मिलने आया था। इसके बाद वह वापस इंदौर लौट गया था।
शनिवार को हुई थी आखिरी बार बात मृतक के पिता शिवरत्न ने बताया कि शनिवार को वीडियो कॉल पर बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। उस दौरान वह सामान्य लग रहा था और किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था।
भोपाल कब पहुंचा, परिजनों को जानकारी नहीं परिवार को यह जानकारी नहीं है कि अमित भोपाल कब और कैसे पहुंचा। सोमवार सुबह पुलिस ने कॉल कर शव मिलने की सूचना दी।
पिता ने जताई हत्या की आशंका
पिता का कहना है कि अमित आत्महत्या नहीं कर सकता था। उसकी एक आंख के पास चोट का निशान है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक शव के साथ अमित के दोनों मोबाइल फोन नहीं मिले हैं। उन्होंने मामले की गहराई से जांच की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
