MP के रेल रूट पर हर ढाई घंटे में चोरी

0
Spread the love
QuoteImage

मेहनत से खरीदा फोन सफर में चोरी हो गया। ट्रेन में किसी पर भरोसा न करें। अपनी चीजों की जिम्मेदारी खुद लें। मेरी गलती न दोहराएं, यात्रा में सतर्क रहें।

QuoteImage

यह अपील रेल यात्री अमोल रमेश धाबर्डे की है। वे महाराष्ट्र के औरंगाबाद के निवासी हैं। हाल ही में झांसी और भोपाल के बीच उनका महंगा फोन चोरी हो गया था।

मामला सामने आने के बाद दैनिक भास्कर ने ट्रेनों में चोरी के आंकड़े जुटाए। जीआरपी के ई-एफआईआर पोर्टल के दस्तावेज खंगाले। 94 एफआईआर के मिलान के बाद आंकड़े चौंकाने वाले निकले।

भोपाल, बीना, इटारसी, रानी कमलापति, विदिशा और आमला के बीच हर ढाई घंटे में एक चोरी हो रही है। इनमें 54% शिकार महिलाएं हैं। स्लीपर, जनरल और एसी 3 टियर कोच सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट…

हर ट्रेंड को क्रॉस-चेक कर आंकड़ों को दो बार वेरिफाई किया

मध्य प्रदेश पुलिस के ई-एफआईआर पोर्टल से दैनिक भास्कर ने 8 से 12 अप्रैल 2026 के बीच भोपाल, बीना, ग्वालियर, इटारसी, रानी कमलापति, विदिशा, खंडवा और आमला थानों की 94 एफआईआर निकालीं। टीम ने हर एफआईआर को केस-वार पढ़ा और लैपटॉप, मोबाइल, जेवरात व नकदी की कीमत जोड़ी।

इन 94 मामलों को 8 श्रेणियों में बांटकर विश्लेषण किया गया— थाना, समय, कोच, लिंग, उम्र, तरीका और चोरी की वस्तु के आधार पर।

हर ट्रेंड को क्रॉस-चेक कर आंकड़ों को दो बार वेरिफाई किया गया। विश्लेषण में पता चला कि इस रूट पर हर 2.5 घंटे में एक चोरी हुई।

रेल चोरों के टारगेट पर महिलाएं

94 मामलों में 54% पीड़ित महिलाएं थीं। यह पुरुषों से 8.5% अधिक है। महिलाओं से औसतन 20% अधिक कीमत का माल चोरी हुआ। बड़े मामले रानी कमलापति और बीना स्टेशन पर दर्ज हुए।

ऐसे काम कर रहे हैं चोर, मोडस ऑपरेंडी समझिए

सोते समय – 60% मामले

  • 8 अप्रैल 2026 : भोपाल जीआरपी FIR के अनुसार, 6 अप्रैल को ट्रेन 12707 संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के कोच S/1 बर्थ 16 पर सो रहे प्रीक्षित का 70,000 का iPhone 15 सिरहाने से चोरी हो गया। सुबह 5 बजे उठने पर मोबाइल नहीं मिला।
  • 10 अप्रैल 2026 : खंडवा में ट्रेन 07020 हैदराबाद-जयपुर एक्स के कोच A/1 बर्थ 43 पर सो रही दीक्षा का 45,999 का Samsung S24 FE और 4,000 नकद चोरी हुआ।

भीड़ का हथियार – 25% मामले

  • 11 अप्रैल 2026: ग्वालियर एनजी थाना (केस 44) में ट्रेन 14318 योगनगरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में चढ़ते समय अभिषेक खान की जेब से 55,990 का iPhone 13 चोरी हुआ। फरियादी के मुताबिक- ट्रेन आने पर आगे के कोच में चढ़ते समय भीड़ में कोई अज्ञात चोर मेरा मोबाइल निकाल कर ले गया।
  • 10 अप्रैल 2026: ग्वालियर बीजी (केस 30) में अंडमान एक्सप्रेस (1603) के अंतिम जनरल डिब्बे में चढ़ते समय श्यामसुंदर पाल की जेब से मोबाइल चोरी हुआ।

स्नैचिंग – 15% मामले

  • 8 अप्रैल 2026 (घटना): 10 अप्रैल 2026 (FIR दर्ज) में इटारसी में ट्रेन 16318 हमसफर एक्सप्रेस के कोच S/4 बर्थ 17,20 पर सो रही 64 वर्षीय रेखा दादाराव व्यास का पर्स चोरी हुआ। तड़के 3:50 बजे ट्रेन धीमी होने पर बदमाश ने खिड़की से पर्स छीना और कूद गया। पर्स में करीब 1.10 लाख का माल था।
  • 8 अप्रैल 2026 : रानी कमलापति में ट्रेन 12192 श्रीधाम एक्सप्रेस के कोच B1 बर्थ 32 पर सो रहे अजय परमार का ट्रॉली बैग सीट के नीचे से चोरी हुआ। इसमें आर्मी यूनिफॉर्म, जूते और दस्तावेज थे।

पाई-पाई जोड़कर लिया था फोन, छीन गया

अमोल रमेश धाबर्डे ने बताया कि मैं संभाजी नगर से आगरा जा रहा था, तभी झांसी और भोपाल के बीच मेरा फोन चोरी हो गया। रात में बॉस को बताया, उन्होंने तुरंत हेल्प की।

सुबह पता चला कि फोन मिल गया है। एक शख्स ने खुद को सोनू बताया और कहा- ‘भोपाल में रानी कमलापति स्टेशन आकर फोन ले जाओ। मैं भोपाल पहुंचा, एक से दूसरे स्टेशन गया, लेकिन वह फ्रॉड निकला।

उसने फोन का झांसा देकर मुझे भटकाया। दोस्तों, मैंने यह फोन पाई-पाई जोड़कर लिया था, इसलिए दुख है। ट्रेन में चार्ज लगाकर सो जाते हो, किसी पर भरोसा न रखें।

अपने सामान की जिम्मेदारी खुद की होती है। चोरी के बाद अकेले ही भटकना पड़ता है। मैंने कंप्लेंट दर्ज करा दी है, लेकिन फोन चला गया। मुझसे गलती हुई, आप मत करना। सतर्क रहो। जय हिंद।

पीड़ित यात्री अमोल रमेश धाबर्डे ने फोन चोरी होने पर वीडियो बनाए थे।
पीड़ित यात्री अमोल रमेश धाबर्डे ने फोन चोरी होने पर वीडियो बनाए थे।

जीआरपी एसपी बोले- हमने 8 करोड़ की रिकवरी

जीआरपी एसपी राहुल लोढ़ा ने बताया कि 5 साल के आंकड़ों से तुलना में मामले कम हुए हैं। 2024 में डेढ़ करोड़ और पहले करीब 1-1 करोड़ की रिकवरी हुई थी, जबकि 2025 में यह 8 करोड़ तक पहुंच गई। हाल में हर 15 दिन में 30-35 लाख की रिकवरी हो रही है। सीमित फोर्स में 2025 में 8 करोड़ की रिकवरी बड़ी उपलब्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481