बस ऑपरेटर पर फायरिंग, सरपंच पति सहित 15 पर केस

0
Spread the love

शिवपुरी में हथियारों से लैस बदमाशों ने एक बस संचालक के घर पर हमला कर दिया। वारदात कोतवाली क्षेत्र के सिंहनिवास गांव में रविवार रात करीब 10:30 बजे हुई।

बदमाशों ने ‘टेरर टैक्स’ और पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया। सरपंच पति और पूर्व मंत्री के भतीजे समेत अन्य आरोपियों ने घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की।

हमले में बस संचालक जय सिंह बाल-बाल बच गए। गोली उनके बाएं हाथ को छूकर निकल गई। पुलिस ने 12 नामजद और 3 अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।

सरपंच पति का नाम प्रभात रावत और पूर्व मंत्री के भतीजे का नाम रोहित धाकड़ है। कुछ आरोपियों को हिरासत में भी ले लिया गया है।

315 बोर और पिस्टल से किए फायर, पुलिस का सायरन सुन भागे

फरियादी जय सिंह (19) ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले प्रभात, प्रमोद और प्रगट रावत से 2017 से विवाद चल रहा है। रविवार रात तीनों भाई अपने साथियों के साथ 315 बोर की बंदूक, पिस्टल, देशी कट्टा, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड लेकर जबरन घर में घुस आए।

प्रमोद ने 315 बोर की बंदूक से फायर किया, जो हाथ को छूकर निकला। वहीं प्रभात ने पिस्टल से दो फायर किए। इसके बाद आरोपियों ने घर में मौजूद दीवान सिंह, मजबूत सिंह और अरविंद के साथ लाठियों से मारपीट कर दरवाजे तोड़ दिए। डायल 112 का सायरन बजते ही हमलावर भाग निकले।

टेरर टैक्स के लिए बनाई गैंग, 2017 में भी किया था हमला

जय सिंह के अनुसार, आरोपियों ने एक गैंग बना ली है जो इलाके में टेरर टैक्स मांगती है। उन पर भी पैसे देने का दबाव था, जिसे नकारने पर यह जानलेवा हमला किया गया। इससे पहले 2017 में भी इन्हीं तीनों भाइयों ने परिवार पर फायरिंग की थी, तब जय सिंह की आंख में छर्रे लगे थे।

विधायक को भी दे चुके हैं धमकी, हाल ही में जेल से छूटा था आरोपी

गैंग का प्रमुख आरोपी सरपंच पति प्रभात रावत इससे पहले 7 दिसंबर को पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह को फोन पर हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी दे चुका है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर उसे जेल भेजा था। वह हाल ही में जेल से छूटकर वापस आया है और बाहर आते ही भाइयों व साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

इन 12 नामजद आरोपियों पर दर्ज हुई FIR

पुलिस ने पूर्व पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री सुरेश राठखेड़ा के भतीजे रोहित धाकड़, सरपंच पति प्रभात रावत, प्रमोद रावत, प्रगट रावत, दुष्यन्त धाकड़, दीपक रावत, राजकुमार रावत, पवन रावत, छोटू उर्फ अरुण रावत, रवि जाट, आदित्य उपाध्याय और अंकेश दीक्षित को नामजद किया है। इन सभी के साथ 3 अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास, गंभीर मारपीट, हथियारों के साथ दंगा और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481