खजुराहो में तापमान 45 डिग्री पार

0
Spread the love

मध्य प्रदेश में अप्रैल की गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। रविवार को आंधी-बारिश के बीच भी तेज गर्मी पड़ी। खजुराहो में पहली बार तापमान 45 डिग्री पहुंच गया। 9 शहरों में पारा 44 डिग्री या उससे अधिक रहा। इंदौर में 6 साल और भोपाल-जबलपुर में 3 साल में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी।

सोमवार को 13 जिलों में लू का अलर्ट है। इनमें इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, शाजापुर, देवास, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, मंडला, सिवनी, बालाघाट और छिंदवाड़ा शामिल हैं। इंदौर और उज्जैन में वॉर्म नाइट का अलर्ट भी है।

इसके चलते इंदौर-उज्जैन में दिन-रात दोनों गर्म रहेंगे। श्योपुर, मुरैना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट है। भोपाल, जबलपुर समेत अन्य जिलों में तेज गर्मी पड़ेगी।

खजुराहो के बाद नौगांव सबसे गर्म

रविवार को आंधी-बारिश के बीच भीषण गर्मी पड़ी। खजुराहो के बाद नौगांव में 44.6 डिग्री, सागर-नर्मदापुरम में 44.4 डिग्री, दमोह में 44.2 डिग्री और श्योपुर, मंडला, दतिया, टीकमगढ़ में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

शाजापुर में 43.7 डिग्री, रायसेन, सतना, रतलाम-गुना में 43.6 डिग्री, रीवा-मलाजखंड में 43.5 डिग्री, सीधी में 43.4 डिग्री और बैतूल में 43 डिग्री रहा। प्रदेश के 5 बड़े शहरों में भोपाल-इंदौर में तापमान 43 डिग्री पहुंचा। जबलपुर में 43.5 डिग्री, ग्वालियर में 42.9 डिग्री और उज्जैन में 42.5 डिग्री रहा।

3 बड़े शहरों में ऐसे टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

  • इंदौर में रविवार को तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले अप्रैल 2019 में अधिकतम पारा 43.5 डिग्री रहा था। यानी, अप्रैल की गर्मी का इंदौर में 6 साल का रिकॉर्ड टूट गया है।
  • भोपाल में रविवार को 10 साल में तीसरा सबसे गर्म दिन रहा। 30 अप्रैल 2022 को यहां अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री रहा था। जबकि इस साल 26 अप्रैल को पारा 43 डिग्री पर पहुंच गया। 3 साल बाद सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी है।
  • जबलपुर में 26 अप्रैल को तापमान सबसे ज्यादा 43.5 डिग्री रहा। इससे पहले साल 2022 को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया था।

आज से अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम…

भीषण गर्मी के बीच बारिश का दौर

IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के अनुसार, रविवार को प्रदेश के बीचोंबीच एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) एक्टिव रहा। इस वजह से बारिश का दौर बना रहा। अगले तीन दिन तक एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस की भी एक्टिविटी प्रदेश में रहेगी।

प्रदेश में बारिश की तस्वीरें

रविवार दोपहर को रतलाम जिले के नामली में कुछ देर पानी गिरा।
रविवार दोपहर को रतलाम जिले के नामली में कुछ देर पानी गिरा।
सीहोर के अमलाहा में तेज आंधी तूफान के साथ बारिश हुई।
सीहोर के अमलाहा में तेज आंधी तूफान के साथ बारिश हुई।
इंदौर में दिनभर गर्मी के बाद शाम को कुछ इलाकों में बारिश हुई।
इंदौर में दिनभर गर्मी के बाद शाम को कुछ इलाकों में बारिश हुई।

गर्मी से बचने के लिए एडवायजरी गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवायजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहें। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।

अप्रैल में पड़ती है तेज गर्मी मौसम विभाग के अनुसार, जिस तरह दिसंबर-जनवरी में सर्दी और जुलाई-अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश होती है, उसी तरह गर्मी के दो प्रमुख महीने अप्रैल और मई हैं। अप्रैल में तेज गर्मी पड़ती है।

फरवरी-मार्च में 4-4 बार बदला मौसम इस साल जनवरी में बारिश नहीं हुई, लेकिन फरवरी और मार्च में 4-4 बार मौसम बदला। फरवरी की शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले-बारिश और आंधी का दौर रहा। इससे फसलों को खासा नुकसान हुआ था।

18 फरवरी से तीसरी बार प्रदेश भीग गया। 19, 20 और 21 फरवरी को भी बारिश का असर रहा। फिर चौथी बार 23-24 फरवरी को भी ओले-बारिश का दौर चला।

मार्च में गर्मी के सीजन की शुरुआत हो गई। पहले पखवाड़े में तेज गर्मी वाला मौसम रहा। दूसरे पखवाड़े में बारिश हुई। एक दौर लगातार 4 दिन तक रहा। इस दौरान 45 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश हुई। वहीं, 17 जिलों में ओले भी गिरे। इससे गेहूं, पपीता और केले की फसलें बर्बाद हुई हैं।

तीसरा दौर 26-27 मार्च को रहा। 27 मार्च को सतना, रीवा, दतिया और भिंड में बारिश हुई। चौथी बार मौसम ने 29-30 मार्च को फिर से करवट बदली। 30 मार्च को एमपी के आधे हिस्से में कहीं बारिश-आंधी तो कहीं ओले भी गिरे।

MP के 5 बड़े शहरों में अप्रैल में मौसम का ऐसा ट्रेंड…

एमपी में अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से गर्मी का असर तेज होने लगता है। महीने के आखिरी दिनों में तो तापमान रिकॉर्ड तोड़ देता है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर के 10 साल की डाटा बेस्ड स्टडी में सामने आया कि भोपाल-इंदौर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा जबकि जबलपुर में इसने 44 डिग्री सेल्सियस को छू लिया।

ग्वालियर में तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। पिछले तीन साल इन शहरों में तेज गर्मी पड़ी। इस बार भी तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

भोपाल में 1996 में पड़ी थी सबसे ज्यादा गर्मी अप्रैल में गर्मी के ट्रेंड की बात करें तो भोपाल में 29 अप्रैल 1996 को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। इस महीने भोपाल में बारिश-आंधी के आसार भी बनते हैं। यही कारण है कि पिछले कुछ साल से अप्रैल में बारिश का दौर चल रहा है।

20 अप्रैल 2013 को भोपाल में 24 घंटे के भीतर 30.8 मिमी यानी एक इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। वहीं, 2023 में 22.6 मिमी पानी गिरा था।

इंदौर में पिछले साल गिरा था 22.3 मिमी पानी इंदौर में भी अप्रैल में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अप्रैल 1958 को सर्वाधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इस महीने यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। गर्मी के साथ बादल छाए रहते हैं तो बौछारें भी गिरती हैं। हर साल बारिश का दौर भी बनता है।

जबलपुर में तेज गर्मी का ट्रेंड जबलपुर में अप्रैल में एक बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 अप्रैल 1970 को दिन का तापमान 45.4 डिग्री रहा था। अप्रैल में यहां भी बारिश होने की संभावना रहती है।

रिकॉर्ड के अनुसार, जबलपुर में 3 अप्रैल 1935 को 24 घंटे के भीतर 50.3 मिमी बारिश हुई थी। 2023 में 20.2 मिमी पानी गिरा था। इस साल 19 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।

ग्वालियर में पड़ती है सबसे ज्यादा गर्मी ग्वालियर में अप्रैल की गर्मी का ट्रेंड बाकी शहरों से अलग रहता है। यहां ज्यादा गर्मी पड़ती है। बीते 10 साल में यहां पारा एक बार 45 डिग्री और 3 बार 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। 28 अप्रैल 1958 को तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

एक दिन में सर्वाधिक बारिश होने का रिकॉर्ड वर्ष 1909 में बना था, जब 22 अप्रैल को कुल 67.6 मिमी बारिश हुई थी। इसी साल अप्रैल महीने में साढ़े 4 इंच पानी गिरा था।

उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड उज्जैन में भी अप्रैल महीने में गर्मी और बारिश का ट्रेंड रहता है। 18 अप्रैल 2010 को तापमान रिकॉर्ड 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। वहीं, 2014 से 2025 के बीच दो बार पारा 43 डिग्री के पार जा चुका है। पिछले साल यह रिकॉर्ड 48.8 डिग्री पहुंच चुका है, जो ओवरऑल रिकॉर्ड भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481