भोपाल में लव-मैरिज के 7 महीने बाद युवक का सुसाइड
भोपाल में एक युवक ने पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जान दे दी। सुसाइड से पहले युवक ने वीडियो रिकॉर्ड कर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया। इसमें पत्नी और ससुरालवालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए।
मामला शाहपुरा के कान्वेवेल होटल पैलेस में रविवार सुबह का है। मृतक की पहचान विकास हिरवे (28) के रूप में हुई। वह हबीबगंज क्षेत्र का रहने वाला था। 7 महीने पहले ही उसने लव मैरिज की थी। दोपहर में युवक का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है।

होटल में कमरा बुक कर की आत्महत्या
पुलिस के मुताबिक, विकास ने शनिवार देर रात होटल में कमरा बुक किया था। रविवार सुबह होटल स्टाफ ने कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन परिजनों ने एक वीडियो पुलिस को सौंपा है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है।


युवक ने सुसाइड से पहले वीडियो में यह कहा-
मेरा नाम विकास हिरवे है। मेरी पत्नी स्नेहा सोलंकी से 7 माह पहले लव मैरिज की थी। मैं मनमर्जी से सुसाइड कर रहा हूं… इसकी जिम्मेदार पत्नी स्नेहा सोलंकी है। 10 दिन पहले से स्नेहा ने अपने तमाम डॉक्यूमेंट, ज्वेलरी सहित सामान को अपने मायके में भेजना शुरू कर दिया था। वह लगातार मुझे विवाद करती है। प्रताड़ित करती है और फंसाने की धमकी देती है। उसकी दादी लगातार उसे कॉल कर यह सब करने के लिए मजबूर करती है। ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर ही मैं जान दे रहा हूं। मेरी मौत के लिए जिम्मेदार मेरी पत्नी और दादी सास हैं।

पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था
परिजनों ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम को पति-पत्नी के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद रात के समय युवक बिन बताए घर से निकला। तड़के करीब 3:00 बजे उसकी आखिरी पोस्ट को देखा। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की। जब होटल पहुंचे तो वहां युवक सुसाइड कर चुका था। आखिरी वीडियो में युवक ने इस बात का भी जिक्र किया है कि पत्नी को परिवार वाले बहुत प्यार करते हैं, लेकिन वह इसके बाद भी मुझे और उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है।


