सात दिन में पांच ने की आत्महत्या, कारण- प्रेम

0
Spread the love

एक हफ्ता। पांच लोगों की आत्महत्या। कारण, प्यार…

किसी लड़का-लड़की ने किस करते हुए इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो डाली और फिर दोनों फांसी के फंदे पर झूल गए। कोई लड़का, लड़की की फोटो फेसबुक पर डालकर खुद फांसी के फंदे पर झूल गया। इनमें से एक ने तो प्यार साबित करने बॉडी पर टैटू तक बनवाया था।

राजगढ़ के भोजपुर थाना क्षेत्र से तीन अलग-अलग मामलों में 5 लोगों की मौत हो गई। तीनों मामलों में पैटर्न एकदम सेम रहा। इन घटनाओं ने न सिर्फ परिवारों को तोड़ा है, बल्कि पूरे इलाके में लोगों को चौंका दिया। पढ़िए यह रिपोर्ट…

भोजपुर थाना क्षेत्र ढाबली खुर्द गांव में पेड़ पर लटककर युवक-युवती ने आत्महत्या कर ली।
भोजपुर थाना क्षेत्र ढाबली खुर्द गांव में पेड़ पर लटककर युवक-युवती ने आत्महत्या कर ली।

मौत से पहले सोशल मीडिया पर एक साथ फोटो पोस्ट की।
मौत से पहले सोशल मीडिया पर एक साथ फोटो पोस्ट की।

पहला केस : किस करते फोटो डालकर लगाई फांसी 11 अप्रैल, शनिवार। स्थान- ढाबली खुर्द गांव। गांव के लोग जब सुबह के समय जंगल गए तो उन्हें महुए के पेड़ पर युवक और युवती के शव एक साथ लटके मिले। दोनों को इस तरह देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। धीरे-धीरे आसपास के गांवों से लोगों भी वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी तो मौके पर टीम पहुंची।

पुलिस टीम ने दोनों शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भिजवाया।

मृतकों की पहचान पहचान ढाबली खुर्द निवासी राकेश तंवर (23) और राजस्थान के घाटोली थाना क्षेत्र के जामुनिया गांव की धापू बाई तंवर (21) के रूप में हुई। सूत्रों की माने तो दोनों के बीच कुछ समय से प्रेम संबंध था। राकेश के सीने पर ‘R’ और ‘D’ का टैटू भी मिला है।

सुसाइड से पहले युवक ने युवती के साथ किस करते हुए कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थीं।

राकेश के सीने पर ‘R’ और ‘D’ का टैटू भी मिला है।
राकेश के सीने पर ‘R’ और ‘D’ का टैटू भी मिला है।

15 दिन बाद होनी थी युवक की शादी सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि राकेश की शादी महज 15 दिन बाद होने वाली थी। परिवार ने उसकी सगाई 8 साल पहले ही पास के गांव सुका सेदरा में तय कर दी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। बेटे ने यह कदम उठा लिया। जानकारी लगते ही परिजनों के पैर के नीचे से जैसे जमीन खिसक गई।

राकेश के पिता प्रभुलाल तंवर ने बताया कि

QuoteImage

वह चार बेटों में सबसे बड़ा था। परिवार पिछले 17 साल से हरीपुरा गांव में रह रहा है। राकेश ढाबली खुर्द में अकेला रहता था। हमें उसके प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। सुबह फोन आया कि उसने फांसी लगा ली, तब हम गांव पहुंचे।

QuoteImage

दोनों के शवों को पेड़ से उतारकर लेकर जाते पुलिसकर्मी।
दोनों के शवों को पेड़ से उतारकर लेकर जाते पुलिसकर्मी।

लड़की पहले से ही थी शादी-शुदा धापूबाई के पिता मोरसिंह ने बताया कि बेटी की शादी करीब 10-11 साल की उम्र में भोजपुर के पाटरी गांव निवासी राधेश्याम से कर दी गई थी। विवाद के चलते वह मायके में ही रहती थी। पंचायत हुई और लाखों रुपए में समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका।

उसकी मां की चार साल पहले मौत हो चुकी थी, जिससे परिवार पहले ही टूट चुका था।

मोरसिंह ने बताया कि धापू बाई घटना से एक दिन पहले तक साथ में ही थी। जामुनिया से ढाबली खुर्द की दूरी करीब 5 किलोमीटर है। रात में वह कब घर से निकल गई, किसी को नहीं पता। सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही धापू बाई का पति राधेश्याम तंवर भी मौके पर पहुंच गया। उसने बताया कि एक साल पहले धापू बाई करीब एक महीने 7 दिन तक उसके साथ रही थी, लेकिन उसके पिता ने घाटोली थाने में हमारी रिपोर्ट की और पुलिस माध्यम से उसके पिता उसे वापस ले गए थे।

उसने कहा कि दोनों परिवारों के बीच शादी के झगड़े को लेकर विवाद चल रहा था। 4 से 5 बार पंचायत भी हो चुकी थी, लेकिन समझौता नहीं हो पाया।

पेड़ पर शव लटके होने की सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
पेड़ पर शव लटके होने की सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे।

दूसरा केस : शादी-शुदा प्रेमी ने साथ में लगाई फांसी

14 अप्रैल, मंगलवार। स्थान- दुर्गपुरा के जंगल की पहाड़ी : सुबह करीब 10 बजे बकरी चराने गए युवक को पहाड़ी पर बने नीम के पेड़ पर महिला-पुरुष फांसी के फंदे पर लटके मिले। उन्होंने गमछा और चुनरी से इसे बनाया था।

अचानक दो शव देखकर युवक ने गांव पहुंचकर लोगों को इस बारे में बताया। गांव के लोग मौके पर पहुंचे और फिर पुलिस को सूचना दी गई।

मृतकों की पहचान चैनसिंह तंवर (37) और मांगीबाई (35) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। पिछले करीब पांच साल से उनके बीच प्रेम संबंध था। सबसे चौंकाने वाली बात दोनों पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी हैं।

बताया गया कि इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों में पहले भी विवाद हो चुका था।

घर छोड़कर भाग भी चुके थे दोनों परिजनों के अनुसार, करीब एक साल पहले दोनों घर छोड़कर भाग गए थे। उस समय परिजनों उन्हें राजस्थान से ढूंढकर वापस लाया लाए थे। बाद में पंचायत और पुलिस के सामने समझाइश देकर दोनों को अलग किया था। इसके बाद मांगीबाई पिछले चार महीने से अपने मायके कोयला गांव में रह रही थी।

सोमवार को चैनसिंह घर से खिलचीपुर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। वहीं मांगीबाई भी अपने मायके कोयला से बिना बताए निकल गई थी। घटनास्थल से पुलिस को शराब की दो बोतलें मिलीं।

चैनसिंह के पिता प्रभुलाल के अनुसार

QuoteImage

बेटा खेती और मजदूरी करता था और उसके चार बच्चे हैं। वहीं मांगीबाई का भी एक 10 वर्षीय बेटा है। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया।

QuoteImage

तीसरा केस : प्रेमिका के साथ फोटो डालकर फांसी लगाई

17 अप्रैल, शुक्रवार। स्थान- खेरखेड़ा गांव : एक व्यक्ति खेत की ओर जा रहा था। तभी उसे गांव के बाहर एक पेड़ पर युवक की बॉडी लटकी मिली। जवान लड़के को इस तरह फांसी के फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। उसने लोगों को बुलाया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतक की पहचान गांव के ही रामबाबू तंवर (25) के रूप में हुई। पिछले दो मामलों की तरह ही रामबाबू ने भी मरने से पहले सोशल मीडिया पर एक लड़की के साथ फोटो डाली थी। परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे वह घर से निकला था। करीब ढाई घंटे में ही उसकी मौत की खबर आ गई।

सबसे चौंकाने वाली बात रामबाबू की शादी करीब चार साल पहले गादिया लोहार समाज में हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और छह महीने का एक मासूम बेटा है।

प्रेमिका संग फेसबुक पर फोटो डालकर युवक ने लगाई फांसी।
प्रेमिका संग फेसबुक पर फोटो डालकर युवक ने लगाई फांसी।

दोस्त बोला- युवती से चल रहा था प्रेम-प्रसंग नाम न बताने की शर्त पर मृतक के करीबी दोस्त ने बताया कि रामबाबू का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर अपनी प्रेमिका के साथ फोटो स्टेटस पर लगाई थी।

घटना से एक दिन पहले गांव में शादी समारोह था। रामबाबू भी उसमें शामिल हुआ था। परिवार और गांव वालों के मुताबिक, वह पूरी तरह सामान्य नजर आ रहा था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।

राजगढ़ के पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर ने क्षेत्र में युवाओं द्वारा बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा सोशल मीडिया पर आने वाली रील्स का नकारात्मक प्रभाव इन मामलों में साफ दिखाई दे रहा है।

जागरूकता की कमी और अशिक्षा के कारण कई लोग इन चीजों को सही तरीके से समझ नहीं पाते और गलत दिशा में कदम उठा लेते हैं। इन घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। हम सामूहिक विवाह सम्मेलनों में भी लोगों को जागरूक करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481