भोपाल में बीबीए और बीटेक स्टूडेंट्स को मारी गोली
भोपाल के कटारा हिल्स में रविवार रात एक छात्र ने बीटेक स्टूडेंट्स पर फायरिंग की। तीन राउंड में दो गोलियां दो छात्रों को लगीं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी अपने साथियों के साथ शराब पार्टी कर रहा था और अभद्र भाषा में शोर-शराबा कर रहा था।
दोनों घायल छात्र साथियों के साथ उसे समझाने पहुंचे। इससे नाराज छात्र ने फायरिंग की और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू की। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
रविवार तड़के तक छात्रा के साथ पार्टी कर रहे थे
पुलिस के मुताबिक- सनसिटी फेस-01 में यूनिवर्सिटी के छात्र और शिक्षक रहते हैं। यहां सेकेंड फ्लोर पर बीएससी एग्रीकल्चर सेकंड ईयर का छात्र हरमन (निवासी अशोक नगर) रहता है।
शनिवार रात उसके फ्लैट पर बीबीए फर्स्ट ईयर के छात्र अनिकेत शर्मा (शहडोल), ओम तिवारी (शहडोल) और एलएनसीटी कॉलेज का छात्र सुधांशु सिंह (शहडोल) एक छात्रा के साथ शराब पार्टी कर रहे थे।

शोर करने से मना किया तो गाली-गलौज कर धमकाया
पार्टी के दौरान तेज शोर होने पर उसी बिल्डिंग में रहने वाले बीबीए फर्स्ट ईयर के छात्र अंशु तेज पाटिल (जलगांव, महाराष्ट्र) और हरीश ने फ्लैट पर पहुंचकर शांत रहने को कहा। इस बात पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी।
दोनों छात्र नीचे लौट आए, लेकिन आरोपी भी उनके पीछे नीचे पहुंच गए और दोबारा बहस शुरू हो गई। इसी दौरान दतिया निवासी बीबीए सेकंड ईयर छात्र वासु गुप्ता और मथुरा निवासी फोरेंसिक फर्स्ट ईयर छात्र हेमंत शर्मा भी मौके पर आ गए।

देशी पिस्टल से 3 राउंड फायर कर दिए, दो को लगी
पुलिस के अनुसार विवाद के बीच नशे में धुत सुधांशु सिंह ने देशी पिस्टल से 4-5 राउंड फायर कर दिए। एक गोली अंशु तेज पाटिल के पेट में और दूसरी वासु गुप्ता के कंधे में लगी। फायरिंग के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सभी एक-दूसरे से परिचित, एक ही बिल्डिंग में रहते हैं
कटारा हिल्स पुलिस ने हेमंत शर्मा की शिकायत पर आरोपी सुधांशु सिंह, अनिकेत शर्मा और ओम तिवारी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि सभी छात्र एक-दूसरे से परिचित हैं और एक ही बिल्डिंग में रहते हैं। मुख्य आरोपी सुधांशु सिंह एलएनसीटी कॉलेज का छात्र है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
