महाकुंभ से चर्चित मोनालिसा की शादी पर विवाद
प्रयागराज महाकुंभ से चर्चा में आईं मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की रहने वाली मोनालिसा भोसले की केरल में फरमान खान के साथ शादी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में अब हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने भी बयान दिया है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को लव जिहाद से जोड़ते हुए इसकी जांच कराने की मांग की है।
अगर मंदिर में शादी हुई है तो स्थिति स्पष्ट की जाए उनके अनुसार यदि फरमान ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की है तो उसे अपना नाम बदलकर हिंदू धर्म स्वीकार करने की घोषणा करनी चाहिए। वहीं, अगर मोनालिसा ने इस्लाम कबूल किया है तो उन्हें भी इस बारे में स्पष्ट करना चाहिए। उनका कहना है कि फिलहाल यह पूरा मामला संदिग्ध दिखाई दे रहा है और इसमें लव जिहाद की आशंका नजर आती है।

केरल में शादी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए तिवारी का कहना है कि जब मोनालिसा मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं तो शादी के लिए केरल जाने की क्या जरूरत थी? उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में उन्हें प्रेमजाल में फंसाया गया और जल्दबाजी में शादी करवाई गई।
उनका कहना है कि मंदिर में शादी होने का दावा किया जा रहा है तो यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि वहां किस प्रक्रिया से विवाह कराया गया। तिवारी ने कहा कि केरल को लेकर पहले भी लव जिहाद के आरोप लगते रहे हैं, इसलिए राज्य सरकार को इस मामले की जांच कराकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उनका कहना है कि यदि सब कुछ नियमों के अनुसार हुआ है तो इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि किसी तरह की शंका न रहे।
अब जानिए कि कैसे मोनालिसा महाकुंभ में फेमस हुईं…

मोनालिसा मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली हैं। मोनालिसा और उसका परिवार प्रयागराज महाकुंभ में माला बेचने के लिए गया था। लेकिन अपनी आंखों और सादगी को लेकर वह सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चित हो गईं। तभी से उनके वीडियो काफी देखे जा रहे हैं।
वो इतना फेमस हुईं कि उनकी तस्वीरों वाली टी-शर्ट तक बिकने लगीं। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मीडिया वाले और बहुत सारे लोगों से वह परेशान हो गई थीं।
उनकी तबीयत भी खराब हो गई थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि मुझे वहां (प्रयागराज) अच्छा लग रहा था, लेकिन मैं माला नहीं बेच पा रही थी। लोग मुझे घेर लेते थे। इससे परेशान होकर वह महाकुंभ छोड़कर घर लौट गई थी। इसके बाद बॉलीवुड डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने मोनालिसा को फिल्म ऑफर कर दी और वह रातोंरात फेमस हो गईं।
