MP के स्थापना दिवस पर 3 दिन बिग इवेंट
मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर इस बार 3 दिन तक बिग इवेंट्स होंगे। पहले दिन उज्जैन के लिए पर्यटन हेलीकॉप्टर उड़ान भरेगा। वहीं, शाम को सिंगर जुबिन नौटियाल परफॉरमेंस देंगे। यही पर 2000 ड्रोन के जरिए मध्यप्रदेश की विरासत की झलक भी दिखेगी। स्थापना दिवस पर डॉ. मोहन यादव कई बड़ी घोषणाएं भी कर सकते हैं।
लाल परेड ग्राउंड पर 1, 2 और 3 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रम होंगे। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया, इस बार आयोजन ‘उद्योग एवं रोजगार वर्ष’ की थीम पर केंद्रित है, जो राज्य के निरंतर विकास, सांस्कृतिक समृद्धि और जनभागीदारी की भावना को दर्शाता है। मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, नागरिक उड्डयन किंजरापु राममोहन नायडू एवं केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
पहले ड्रोन शो, फिर सिंगर जुबिन की प्रस्तुति मंत्री लोधी ने बताया, मुख्य समारोह प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। पहले दिन समारोह का शुभारंभ 2000 ड्रोन के भव्य शो से होगा, जो ‘विरासत से विकास’ को आकर्षक आकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित करेगा। इसके बाद 500 से अधिक कलाकारों की ‘विश्ववंद – श्रीकृष्ण की सांगीतिक यात्रा’ की समवेत प्रस्तुति होगी। फिर प्रसिद्ध सिंगर जुबिन नौटियाल एवं ग्रुप मुंबई परफॉरमेंस देंगे। इस दौरान आतिशबाजी भी होगी।

दूसरे दिन ‘सम्राट विक्रमादित्य’ महानाट्य का मंचन समारोह के दूसरे दिन, 2 नवंबर को उज्जैन की संस्था विशाला सांस्कृतिक समिति महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ का मंचन करेगी, जो प्रदेश के इतिहास और सुशासन की गाथा को जीवंत करेगा। इसके बाद प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी चंडीगढ़ अपनी संगीत प्रस्तुति देंगे।
तीसरे दिन भी नाट्य की प्रस्तुति होगी समारोह के तीसरे और अंतिम दिन, 3 नवंबर को महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ का पुनः मंचन किया जाएगा। समारोह का समापन सुप्रसिद्ध गायिका स्नेहा शंकर मुंबई अपनी प्रस्तुति देगी।
दोपहर में मेला, प्रदर्शनी और नृत्य होंगे मंत्री लोधी ने बताया कि समारोह परिसर में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ शिल्प मेला, ‘स्वाद’ देशज व्यंजन मेला और विविध प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें विकसित मध्यप्रदेश 2047, मध्यप्रदेश के गौरव, विक्रमादित्य और अयोध्या, मध्यप्रदेश के मंदिर देवलोक और विरासत से विकास जैसे विषय शामिल हैं। 2 एवं 3 नवंबर को दोपहर 3 बजे से प्रदेश के जनजातीय एवं लोक नृत्य जैसे करमा, भगोरिया, बधाई, गणगौर, मोनिया आदि की प्रस्तुतियां भी होंगी।
सांस्कृतिक यात्राएं भी निकाली गईं समारोह से पूर्व 30 एवं 31 अक्टूबर को सांस्कृतिक यात्राएं निकाली गईं। शुक्रवार शाम को माता मंदिर चौराहा से रोशनपुरा चौराहा तक महानाट्य के पात्रों और जनप्रतिनिधियों के साथ विशेष सांस्कृतिक यात्राएं निकलेंगी।
महंगाई भत्ता देने के आदेश की उम्मीद प्रदेश के न्यायिक सेवा के अधिकारी-कर्मचारियों के बाद अब अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को भी एक जुलाई से तीन प्रतिशत बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता देने के आदेश जारी हो गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने भत्ते की राशि का एक जुलाई 2025 से नकद भुगतान करने के आदेश दिए हैं। उधर, प्रदेश के कर्मचारियों को दिवाली पर महंगाई भत्ता दिए जाने का इंतजार था, जो नहीं मिल पाया है और अब प्रदेश के स्थापना दिवस पर इसकी घोषणा का इंतजार राज्य के कर्मचारी अधिकारी कर रहे हैं। इस दिन मुख्यमंत्री डॉ. यादव कर्मचारियों के हित से जुड़ी घोषणा कर सकते हैं।
