भोपाल बना देश का दूसरा सबसे साफ शहर

0
Spread the love

भोपाल को स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में देश का दूसरा सबसे साफ शहर घोषित किया गया है। यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में दिया। भोपाल ने इस बार तीन स्थान की छलांग लगाई है और 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की कैटेगरी में दूसरा स्थान हासिल किया है।

पुरस्कार लेने के लिए भोपाल की महापौर मालती राय और निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण बुधवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने बताया कि छह साल बाद भोपाल फिर से टॉप-2 में आया है, इसलिए शहर में जश्न भी बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। स्वच्छता मित्रों और नागरिकों के साथ मिलकर लड्डू बांटे जाएंगे और सम्मान का जश्न मनाया जाएगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से स्वच्छता पुरस्कार लेते भोपाल की महापौर मालती राय और निगम आयुक्त।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से स्वच्छता पुरस्कार लेते भोपाल की महापौर मालती राय और निगम आयुक्त।

पिछली बार पांचवें नंबर पर था भोपाल पिछले सर्वे में भोपाल 5वें नंबर पर था। कचरे की प्रोसेसिंग में सुधार और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था को और पुख्ता कर भोपाल ने दावा मजबूत किया है। वहीं, फरवरी में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) की वजह से भी भोपाल को फायदा मिलेगा।

निगम अध्यक्ष ने मिठाई खिलाकर सफाईमित्रों का सम्मान किया।
निगम अध्यक्ष ने मिठाई खिलाकर सफाईमित्रों का सम्मान किया।

जीआईएस के चलते राजधानी में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के काम शहर में हुए हैं। इसमें स्वच्छता से जुड़े काम भी शामिल थे। इसी दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण टीमें भी भोपाल पहुंची थी।

छह साल बाद भोपाल फिर टॉप-2 में, राष्ट्रपति से मिला पुरस्कार।
छह साल बाद भोपाल फिर टॉप-2 में, राष्ट्रपति से मिला पुरस्कार।

निगम अध्यक्ष ने बांटे लड्डू और बजाया ढोल

भोपाल को देश का दूसरा सबसे साफ शहर बनने पर खुशी का माहौल रहा। नगर निगम के माता मंदिर स्थित दफ्तर में जश्न मनाया गया। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने सफाई मित्रों को माला पहनाकर सम्मान किया और लड्डू खिलाकर बधाई दी। खुशी में सभी लोग ढोल की थाप पर झूमने लगे। अध्यक्ष सूर्यवंशी ने खुद भी ढोल बजाया।

नगर निगम कार्यालय में ढोल बजाकर जश्न मनाते निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी।
नगर निगम कार्यालय में ढोल बजाकर जश्न मनाते निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी।

कर्मचारियों ने जश्न मनाया, जमकर थिरके

जोन-16 मीनल रेजिडेंसी में भोपाल को स्वच्छता में देशभर में दूसरी रैंक मिलने की खुशी में कर्मचारियों ने जश्न मनाया। मिठाई बांटी गई, एक-दूसरे को बधाई दी गई और सभी जमकर थिरके।

भोपाल के सम्मानित होने पर कर्मचारियों ने जश्न मनाया।
भोपाल के सम्मानित होने पर कर्मचारियों ने जश्न मनाया।

स्वच्छ सर्वेक्षण में भोपाल का अब तक का सफर

  • स्वच्छ सर्वेक्षण में भोपाल ने 2017 और 2018 में लगातार दो साल देश में दूसरी रैंक हासिल की थी।
  • 2019 में भोपाल खिसककर 19वें नंबर पर आ गया। उस समय अफसरों के लगातार तबादले के कारण तैयारियों की दिशा ही तय नहीं हो पाई थी।
  • 2020 में कम बैक करते हुए 12 पायदान ऊपर खिसका और 7वीं रैंक हासिल की।
  • 2021 के सर्वेक्षण में भी भोपाल ने 7वां स्थान हासिल किया था।
  • 2022 के सर्वेक्षण में भोपाल की रैंक सुधरी और यह छठवें स्थान पर आ गया। वहीं, भोपाल को 5 स्टार मिले थे।
  • 2023 के सर्वेक्षण में पांचवीं रैंकिंग रही थी।
नागरिकों और स्वच्छता मित्रों की मेहनत को मिला इनाम।
नागरिकों और स्वच्छता मित्रों की मेहनत को मिला इनाम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481