इंदौर एयरपोर्ट पर 22 लाख यात्रियों ने किया सफर
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने इस साल यात्रियो के आंकड़े में लंबी छलांग लगाई है। इंदौर एयरपोर्ट के इतिहास में इस साल पहली बार 6 महीने में ही यात्रियों की संख्या 22 लाख को पार कर गई है। जबकि पिछले साल यानी 2024 में यह संख्या 18 लाख 93 हजार पर ही रुक गई थी। हांलाकि इस साल जून में जहां उड़ानों की संख्या में गिरावट आई, वहीं यात्रियों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार जून में 192 उड़ानें कम होने के बावजूद 1896 अतिरिक्त यात्रियों ने इंदौर एयरपोर्ट से सफर किया। इसका श्रेय गर्मी की छुट्टियों और उत्तर भारत में पर्यटन में आई तेजी को दिया जा रहा है।
इंदौर एयरपोर्ट अथॉरिटी के मिली रिपोर्ट के अनुसार जून में कुल 2,712 उड़ानों का संचालन हुआ, जबकि मई में यह संख्या 2,890 थी। बावजूद इसके, जून में कुल 3,67,664 यात्रियों ने सफर किया, जो मई के मुकाबले करीब 1,896 ज्यादा है।
ट्रैवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के अनुसार, जुलाई में स्कूल-कॉलेज खुलने से यात्रियों की संख्या कम हो सकती है। जनवरी से जून 2025 के बीच इंदौर एयरपोर्ट से कुल 16,735 उड़ानों का संचालन हुआ और 22,05,576 यात्रियों ने सफर किया। यह पहली बार है जब छह माह में इंदौर एयरपोर्ट की यात्री संख्या 22 लाख के पार पहुंची है। वहीं ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि अप्रैल में हुए आतंकी घटनाक्रम के बाद उत्तर भारत का पर्यटन प्रभावित हुआ था। लेकिन जून में हालात सामान्य होने से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश जैसे हिल स्टेशनों की ओर एक बार फिर पर्यटक लौटे, जिससे यात्री संख्या में उछाल आया।
इंदौर एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या
| माह | 2023 | 2024 | 2025 |
| जनवरी | 248231 | 320079 | 377207 |
| फरवरी | 259988 | 313541 | 362458 |
| मार्च | 273364 | 334785 | 369372 |
| अप्रैल | 289399 | 295665 | 363107 |
| मई | 352326 | 318326 | 365768 |
| जून | 305511 | 311576 | 367664 |
40 लाख के आंकड़े को पार कर जाएगा इस साल यात्रियों का आंकड़ा
इंदौर एयरपोर्ट से बढ़ते यात्रियों के आंकड़ों को देखते हुए इस सेक्टर से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर यात्रियों के बढ़ने का यहीं ट्रेंड रहा तो यहां के 87 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब यात्रियों का आंकड़ा 40 लाख को पार कर जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी की रिपोर्ट के मुताबिक 1 जनवरी 2023 से 31 जून 2023 तक इंदौर एयरपोर्ट से 17 लाख 1 हजार 819 यात्रियों ने सफर किया था। वहीं पिछले साल यानी 1 जनवरी 2024 से लेकर 31 जून 2024 तक 18 लाख 93 हजार 972 यात्रियों ने सफर किया था। वहीं इस साल 1 जनवरी 2025 से 30 जून 2025 तक 22 लाख 5 हजार 576 यात्री इंदौर एयरपोर्ट से यात्रा कर चुके हैं। यानी कि इस साल 2024 के मुकाबले 3 लाख 11 हजार 604 यात्री ज्यादा इंदौर एयरपोर्ट पर आना-जाना कर चुके हैं। इन आंकड़ों ने इंदौर को एक बार फिर सेंट्रल इंडिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बना दिया है।
इंदौर एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन
| माह | 2023 | 2024 | 2025 |
| जनवरी | 2095 | 2520 | 2861 |
| फरवरी | 1928 | 2568 | 2637 |
| मार्च | 2159 | 2642 | 2872 |
| अप्रैल | 2375 | 2482 | 2763 |
| मई | 2542 | 2589 | 2890 |
| जून | 2400 | 2502 | 2712 |
2019 में 30 लाख यात्रियों ने किया था सफर 2023 में इंदौर एयरपोर्ट से 35 लाख 39 हजार 406 यात्रियों ने सफर किया है। उड़ानों और यात्रियों की संख्या के मान से यह इतिहास में इंदौर के सबसे बड़े आंकड़े हैं। इससे पहले साल 2019 में इंदौर से 30 लाख 24 हजार 364 यात्रियों ने सफर किया था।
