खजुराहो से सपा ने बदला टिकट, अब मीरा यादव प्रत्याशी:मनोज यादव का दो बार कट चुका टिकट; पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया

समाजवादी पार्टी ने मध्यप्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बदल दिया है। सपा ने यहां दो दिन पहले 30 मार्च को घोषित प्रत्याशी मनोज यादव का टिकट काटकर पूर्व विधायक मीरा दीपक यादव को टिकट दिया है। मनोज यादव को मध्यप्रदेश समाजवादी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया है।
खजुराहो सीट पर मीरा यादव का मुकाबला बीजेपी प्रत्याशी और मौजूदा सांसद वीडी शर्मा से होगा। बता दें कि कांग्रेस ने गठबंधन के तहत खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ी है। खजुराहो सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।

दो बार कट चुका मनोज यादव का टिकट
ये दूसरा मौका है जब मनोज यादव का टिकट कटा है। इससे पहले 2023 विधानसभा चुनाव में बिजावर से टिकट देने के बाद समाजवादी पार्टी ने मनोज यादव का टिकट काट दिया था। उनकी जगह पूर्व विधायक रेखा यादव को मैदान में उतारा था। अब खजुराहो लोकसभा सीट से नाम घोषित करने के दो दिन बाद मीरा यादव को प्रत्याशी बना दिया गया।

विधानसभा चुनाव के बाद एमपी में नहीं है सपा की टीम
मध्यप्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तत्कालीन सपा प्रदेश अध्यक्ष रामायण सिंह पटेल को हटाकर पूरी प्रदेश कार्यकारिणी भंग कर दी थी। तब से एमपी में सपा के संगठन का मुखिया नहीं था और ना ही प्रदेश में टीम थी। अब सपा ने लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की है।
मनोज यादव बोले- सब सहमति से हुआ
टिकट काटने के बाद दैनिक भास्कर ने मनोज यादव से बातचीत की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का पार्टी हित में लिया गया फैसला स्वीकार्य है। मुझे पार्टी ने बड़ा पद दिया है। इस फैसले से हमारी ताकत बढ़ी है। सब सहमति से हुआ है।

पति उत्तर प्रदेश और पत्नी मध्यप्रदेश से रही विधायक
खजुराहो से सपा की प्रत्याशी बनाई गई मीरा यादव मूलत: उत्तरप्रदेश के झांसी की रहने वाली हैं। मीरा यादव 2008 में एमपी के निवाड़ी से सपा के टिकट पर विधायक चुनी गई थीं। उस वक्त उनके पति दीपनारायण सिंह यादव यूपी में झांसी जिले की गरौठा सीट से सपा के विधायक थे। हालांकि उसके बाद यूपी में दो बार दीपनारायण और निवाड़ी से तीन बार मीरा यादव लगातार चुनाव हार रहीं हैं।
