भोपाल में रिटायर्ड प्रोफेसर की पत्नी के साथ ठगी

0
Spread the love

रिटायर्ड प्रोफेसर की 75 साल की पत्नी सरिता वर्मा से 10 लाख रुपए की ठगी हो गई। ठग ने उनका मोबाइल हैक कर इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड बदला और 5-5 लाख रुपए की दो एफडी प्री-मैच्योर कराकर रकम निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद ठग ने उनके मोबाइल पर हा…हा… का मैसेज भी भेजा। 19 अक्टूबर को हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराने में उन्हें चार दिन लग गए।

इंटरनेट से निकाला था नंबर

हैदराबाद निवासी सरिता वर्मा इन दिनों ग्रीन हाइट्स अमलतास गुलमोहर में रहने वाले भांजे के घर आई हैं। भांजे यश जौहरी ने बताया कि मामी सरिता वर्मा को बैंकिंग संबंधी काम था। 19 अक्टूबर को उन्होंने इंटरनेट पर एसबीआई बैंक अधिकारी का नंबर सर्च किया, जो ठग का निकला।

कॉल उठाने वाले ठग ने उनसे बात कर पूरी जानकारी ली, फिर उनका मोबाइल हैक कर इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड बदल दिया और 5-5 लाख रुपए की दो एफडी तुड़वाकर 10 लाख रुपए निकाल लिए। सरिता वर्मा को बैंक का मैसेज आने पर उन्हें इस ठगी का पता चला। सरिता वर्मा का अकाउंट बेंगलुरू की इंदिरा नगर ब्रांच में है।

वारदात के बाद भी भटके

पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने में लग गए चार दिन

यश जौहरी ने बताया कि मामी के साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराने में उन्हें चार दिन लग गए। 19 अक्टूबर को हुई ठगी के अगले दिन वह शिकायत लेकर शाहपुरा थाने पहुंचे। थाने में मौजूद स्टाफ ने बताया कि इसकी शिकायत स्टेट साइबर पुलिस के पास होगी। दूसरे दिन वह मामी को लेकर स्टेट साइबर पुलिस के ऑफिस पहुंचे, लेकिन यहां पर वेबसाइट काम न करने की वजह से शिकायत दर्ज नहीं हो सकी।

यहां मौजूद स्टाफ ने उन्हें यह जरूर बताया कि वह नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस पोर्टल के जरिए उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। पोर्टल से उनके पास मैसेज आया कि शिकायत शाहपुरा थाने भेजी गई है। दोबारा थाने पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि यह शिकायत साइबर टीम ही देखेगी।

खबर से सबक… इंटरनेट पर कभी भी नंबर सर्च न करें

साइबर टीम के मुताबिक कोई भी नंबर इंटरनेट पर सर्च न करें। ऐसा करके आप ठगों के जाल में फंस सकते हैं। बैंक का हेल्पलाइन नंबर पासबुक और एटीएम कार्ड पर लिखा होता है। हमेशा उसी नंबर पर कॉल करें। उस नंबर पर बात न होने पर संबंधित बैंक ऑफिस जाकर जानकारी लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481