जबलपुर में आयोजित होगा बिरसा मुंडा उत्सव,पीएम वर्चुअल जुड़ेंगे

0
Spread the love

जनजातीय गौरव दिवस (15 नवंबर) पर जबलपुर में बिरसा मुंडा उत्सव आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल संबोधित करेंगे। जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह शनिवार को जबलपुर पहुंचे और तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट में आयोजित इस बैठक में संभाग कमिश्नर धनंजय सिंह सहित संभाग के कलेक्टर, एसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर एक हफ्ते गौरव दिवस के कार्यक्रम होंगे।

11 से आदिवासी बहुल जिलों में निकलेंगी यात्राएं

11 से 15 नवंबर तक एमपी के जनजातीय बहुल जिलों में बिरसा मुंडा गौरव यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं में जनजातीय कला समूह, झांकियां, प्रदर्शनियां होंगी। जिला स्तर पर सम्मेलन आयोजित होंगे। जिनमें विधायक, सांसद, विशेषकर जनजातीय समुदाय के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

सड़कों, चौराहों, पार्क और सरकारी भवनों को चिह्नित कर उनका नाम भगवान बिरसा मुंडा और दूसरे जनजातीय विशिष्ट व्यक्तियों के नाम पर किया जाएगा। आदिवासी नेताओं की बड़ी प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए सार्वजनिक स्थानों को चिह्नित किया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन इतिहास और उपलब्धियों पर आधारित स्मारक भी बनाए जाएंगे।

15 नवंबर को ऐप होगा लाॅन्च

मंत्री विजय शाह ने बताया कि बिरसा मुंडा की जयंती पर सरकार ऐसा ऐप लाॅन्च कर रही है, जिसे डाउनलोड करने से जनजातीय परिवार और बच्चों से संबंधित सभी योजनाओं का पता चल जाएगा। इस मौके पर ऐसे कई लोगों का सम्मान किया जाएगा, जो जड़ी-बूटी से गांव में लोगों का इलाज करते हैं। इसके साथ ही कई ऐसे आदिवासी लोक कलाकार हैं, जिन्हें राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से पुरस्कार प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि रानी दुर्गावती के वंशज, खिलाड़ियों का सम्मान होगा, जिसमें सीएम डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।

पीएम जुड़ेंगे वर्चुअल-सीएम रहेंगे मौजूद

मंत्री विजय शाह ने बताया कि 15 नवंबर को जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री वर्चुअल जुड़कर संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रहेंगे। वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष 10 नवंबर को भोपाल आएंगे। संतोष बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा तय किए गए कार्यक्रमों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे।

क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति का होगा सम्मान

गौरव दिवस कार्यक्रम में महिला क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ भी शामिल होंगी। जहां पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उन्हें एक करोड़ रुपए से सम्मानित करेंगे। इसके साथ अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।

जनजातीय गौरव दिवस पर बीजेपी के कार्यक्रम

  • जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन : आदिवासी बहुल जिलों में जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसमें स्थानीय आदिवासी नेता और युवा कार्यकर्ता भाग लेंगे।
  • जनजातीय समाज की विभूतियों का होगा सम्मान : पिछले 11 सालों में पद्म पुरस्कार से सम्मानित और मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी द्वारा उल्लेखित जनजातीय समाज के लिए काम करने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा।
  • लेख: मुख्यमंत्री और प्रमुख नेताओं द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की विरासत और जनजातीय सशक्तिकरण के लिए बिरसा मुंडा के योगदान पर लेख शेयर किए जाएंगे।
  • पॉड कास्ट: पॉड कास्ट में जनजातीय नेताओं और बीजेपी द्वारा आदिवासी समाज के लिए किए गए कामों को बताया जाएगा। एमपी सहित देशभर में स्टूडेंट्स के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन क्विज कॉम्पटीशन कराए जाएंगे। ये प्रतियोगिताएं जनजातीय आंदोलनों के इतिहास और आदिवासी नेताओं के योगदान पर आधारित होंगी।
  • कॉलेजों, यूनिवर्सिटीज में टाउन हॉल : कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज में जनजातीय थीम पर टाउन हॉल के आयोजन होंगे। इन टाउन हॉल में मुख्य रूप से चार विषयों पर चर्चा होगी।
  1. जनजातीय समाज-भारतीय सामाजिक व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा
  2. स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज और नेताओं की भूमिका
  3. जनजातीय ज्ञान प्रणाली
  4. जनजातीय जीवन शैली का सांस्कृतिक पहलू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481