बीजेपी सांसद का पत्र-खाद की परेशानी मुझसे देखी नहीं जाती

0
Spread the love

मप्र के अलग-अलग जिलों में खाद संकट को लेकर तस्वीरें सामने आ रहीं हैं। रीवा में खाद लेने कतार में लगे किसानों पर लाठीचार्ज के वीडियो सामने आए। सतना में मंत्री प्रतिमा बागरी को किसानों का गुस्सा देख रास्ता बदलना पड़ा। खाद संकट को लेकर सतना से बीजेपी सांसद गणेश सिंह ने एक पत्र लिखकर अपने क्षेत्र के किसानों की पीड़ा जाहिर की तो कांग्रेस को सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया।

बीजेपी सांसद ने लिखा: किसानों के खाद की परेशानी मुझसे देखी नहीं जाती

सांसद गणेश सिंह ने किसानों की जरूरत की रासायनिक खाद की कमी को देखते हुए कहा है कि संबंधित जिले और प्रदेश के विभागों के अधिकारी इसे गंभीरता से लें। किसानों की लंबी लाइन देखकर मुझे बहुत कष्ट हो रहा है। खाद के वितरण में पारदर्शिता की भी कमी है। निजी क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर किसान खाद खरीदने के लिए मजबूर हैं।

डबल लॉक में उन्हीं किसानों को खाद मिल रही है, जो सोसाइटी के सदस्य हैं। वो भी पर्याप्त नहीं है। लेकिन, बड़ी संख्या में छोटे किसान जिनका जोत का रकबा कम है। वे भटक रहे हैं। किसानों को परेशानी से बचाने के लिए जिला प्रशासन को हमारा और हमारी पार्टी का पूरा सहयोग जैसा चाहें वैसा लें और व्यवस्था में तत्काल सुधार करें।

2 सितंबर को रीवा में पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज किया था।
2 सितंबर को रीवा में पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज किया था।

पटवारी ने शिवराज-मोहन यादव को घेरा

सतना सांसद का पत्र सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने लिखा, हम तो कहते ही थे, ये सरकार निकम्मी है। एक बीजेपी विधायक कलेक्टर की, कॉलर पकड़ कर कहता है, यह सरकार निकम्मी है। एक भाजपा सांसद चिट्ठी लिखकर कहता है, यह सरकार निकम्मी है। किसान लाइन में लगकर कहते हैं, यह सरकार निकम्मी है। शिवराज सिंह चौहान, आंखें खोलो। डॉ मोहन यादव, कुछ तो बोलो। यह “निकम्मापन” कब तक चलेगा? किसान को खाद कब मिलेगा?

सांसद गणेश ने यह पत्र लिखा।
सांसद गणेश ने यह पत्र लिखा।

सांसद ने पटवारी को दिया जवाब जीतू पटवारी के ट्वीट पर सतना सांसद ने सोशल मीडिया पर ही जवाब देते हुए लिखा, किसानों के खाद की कमी को लेकर आ रहे फोन को देखते हुए मैंने जिला प्रशासन को खाद्य वितरण की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए अपनी और पार्टी की हर तरह की मदद की पेशकश प्रेस बयान के माध्यम से की थी।

लेकिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने मनगढ़ंत राजनीतिक षड्यंत्र से भरा एक पोस्ट लिखा है। मैं उसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और ऐसी ओछी राजनीति न करने की सलाह देता हूं। साथ ही उन्हें यह बताना चाहता हूं कि डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार किसानों सहित प्रदेश के सभी वर्गों के विकास और तरक्की के लिए ऐतिहासिक काम कर रही है। शायद यही कारण है कि कांग्रेस को जलन हो रही है।

भास्कर से बोले सांसद- मैंने जिले की समस्या उठाई खाद संकट पर जारी पत्र को लेकर दैनिक भास्कर ने सतना सांसद से पूछा तो उन्होंने कहा, मैंने जिले की समस्या उठाई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जबरन राजनीति कर रहे हैं। मैंने सोशल मीडिया पर ही उनको जवाब दिया है।

मंत्री प्रतिमा बागरी का काफिला यूटर्न लेते हुए।
मंत्री प्रतिमा बागरी का काफिला यूटर्न लेते हुए।

सतना में ही किसानों के कारण मंत्री को लेना पड़ा यूटर्न

मंगलवार को सतना जिले में खाद के लिए टोकन न मिलने से नाराज किसानों ने कृषि अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हो गए। किसानों का आरोप है कि विभाग द्वारा टोकन खत्म होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया गया। इससे आक्रोशित किसानों ने नागौद मार्ग पर जाम लगा दिया।

किसानों के प्रदर्शन के दौरान प्रदेश की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी का काफिला वहां से गुजर रहा था। किसानों की भीड़ सड़क पर जुटी देख मंत्री के काफिले ने यूटर्न ले लिया। इसी दौरान किसानों ने काफिला रोक कर मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481