बाबा बटेश्वर-माता गोरा का नौका विहार
श्रावण मास के पावन अवसर पर राजधानी भोपाल शिवमय हो उठी। पुराने शहर के प्राचीन श्री बड़वाले महादेव मंदिर और तुलसी नगर स्थित आरोग्य भारती सभागार में भगवान शिव की भक्ति में डूबे दो भव्य आयोजनों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
श्री बड़वाले महादेव मंदिर में श्रावण के चतुर्थ सोमवार पर मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्प-वाटिका के रूप में सजाया गया। यहां बाबा बटेश्वर और माता गोरा को मंदिर के गर्भगृह में बनाए गए प्रतीकात्मक नील सरोवर में नौका विहार कराया गया।
समिति के संजय अग्रवाल और प्रमोद नेमा ने बताया कि दिन की शुरुआत रुद्राभिषेक और अभिषेक पूजन से हुई, जबकि रात्रि 9 बजे महाआरती और भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस आरती का सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण किया गया, जिसे देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं ने देखा। समिति सदस्य प्रकाश मालवीय ने बताया कि नौका विहार के दृश्य के लिए श्रद्धालुओं की देर रात तक लंबी कतारें लगी रहीं।

इधर, सिद्धि ज्योतिष परामर्श केन्द्र द्वारा तुलसी नगर स्थित आरोग्य भारती सभागार में द्वादश ज्योतिर्लिंगों के रुद्राभिषेक का दिव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में भोपाल समेत विभिन्न शहरों से 140 से अधिक श्रद्धालु सपरिवार शामिल हुए, जबकि विदेशों में बसे शिवभक्तों ने गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन भागीदारी की।
कार्यक्रम के मुख्य आचार्य पं. (डॉ.) राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि यह आयोजन वर्ष 2009 से लगातार श्रावण मास में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों का रुद्राभिषेक मानसिक, शारीरिक और आत्मिक शांति प्रदान करता है। आयोजन के संयोजक पं. (डॉ.) अभय शंकर मिश्र और सहयोगी आचार्य पं. पुरुषोत्तम तिवारी ने पूरे कार्यक्रम को धार्मिक गरिमा और विधि-विधान से संपन्न कराया।
