भोपाल के स्कूल में घुसकर सेक्रेटरी पर जानलेवा हमला

0
Spread the love

शाहपुरा इलाके में स्थित ओराइन्स इंटरनेशनल स्कूल में घुसकर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने तोड़-फोड़ कर दी। आरोपियों ने स्कूल के चैयरमेन को बंधक बना लिया। स्कूल के सेक्रेटरी से मारपीट और कांच से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घटना गुरुवार दोपहर 12:30 बजे की है। स्कूल के चैयरमेन और सेक्रेटरी का कहना है कि हमलावर ABVP अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता थे।

बावड़िया कलां शाहपुरा में ओराइन्स इंटरनेशनल स्कूल है। इस स्कूल के चैयरमेन ज्ञानेंद्र भटनागर(73) हैं। स्कूल में बतौर सेक्रेटरी उनके बेटे अभिनव भटनागर हैं। अभिनव के भाई आदित्य भटनागर ने बताया कि गुरुवार की दोपहर स्कूल में आठ-दस युवक घुस आए। उन्होंने स्वयं को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का कार्यकर्ता बताया।

बदसलूकी का विरोध करने पर पीटा

अभिनव के भाई आदित्य ने बताया कि आरोपियों ने भाई के साथ बदसलूकी की। इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर दी। एक आरोपी ने भाई के रूम में ही रखे एक कांच के सामान को फोड़कर उनके हाथ पर वार कर दिया। इससे स्कूल में दहशत फैल गई। इसके बाद आरोपियों ने पिता के रूम में तोड़फोड़ की। उन्हें उन्हीं के रूम में बंधक बनाए रखा।

अब पढ़िए स्कूल चैयरमेन और सेक्रेटरी की आपबीती

स्कूल के चैयरमेन ज्ञानेंद्र भटनागर ने बताया कि आज दोपहर 12 बजे के करीब कुछ असामाजिक तत्व विद्यार्थी परिषद के नाम से स्कूल में आए। सभी बच्चों और प्रिंसिपल कमलेश राठोर से विद्यार्थी परिषद में रजिस्ट्रेशन का चंदा मांगा। प्रिंसिपल ने मना करते हुए कहा कि इस तरह से सभी का चंदा संस्था नहीं दे सकती। जिनकी इच्छा होगी, वो अपना देंगे। इस पर कथित कार्यकर्ताओं ने कहा – नहीं। सभी बच्चों का एक साथ पैसा दे दीजिए। हम उनका रजिस्ट्रेशन कर देंगे। इसके बाद उन लोगों ने हंगामा किया। प्रिंसिपल कमलेश राठौर और मुझे कमरे में बंद कर दिया। मारपीट करने लगे। किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर निकला। तभी पीछे से आकर फिर पकड़ लिया। तभी अभिनव भटनागर भी आ गए। उन्होने समझाने की कोशिश की। उन्होंने अभिनव से भी धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। तभी कैंपस में बने एक कमरे का बीच का दरवाजा लगाकर बचने की कोशिश की। इस पर उन लोगों ने कमरे का कांच का दरवाजा तोड़कर अभिनव के दाएं हाथ में मारा। इससे उसे बहुत ज्यादा चोट आई। इसके बाद पूरे परिसर में वह लोग हंगामा करते रहे।

कांच की खिड़की मेरे मुंह पर मारी

स्कूल के सेकेटरी अभिनव भटनागर ने बताया कि मैं ऑफिस में अपने कमरे में काम कर रहा था। तभी एबीवीपी के कुछ गुंडे स्कूल में घुसे। मेरे पिताजी स्कूल के चैयरमेन हैं, उन्हें कमरे में बंद कर दिया। स्टॉफ ने उन्हें बाहर निकाला। कैबिन से निकलकर वह अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। ये लोग उन्हें रोक रहे थे। मैंने उन्हें दूसरे रास्ते से ले जा रहा था। मैंने बीच का एक दरवाजा बंद किया। इसमें कांच की खिड़की थी। उन लोगों ने कांच की खिड़की मेरे मुंह पर मारी। उसी से मुझे खींचा। कांच से मेरे चेहरे में घाव हो गया। इसके बाद उन लोगों ने दरवाजा खोल लिया और खिड़की के टूटे हुए कांच से मुझे मारा। हाथ में घाव हुआ है। इसके बाद सिर और छाती पर मुक्के मारे। इसके बाद स्कूल के स्टूडेंट्स और टीचर्स आ गए। इसके बाद उन लोगों से उनका नाम पूछा, लेकिन, उन लोगों ने नाम नहीं बताए।
(जैसा स्कूल के चैयरमेन ज्ञानेंद्र भटनागरऔर सेक्रेटरी अभिनव भटनागर ने बताया)

शाहपुरा इलाके में स्थित ओराइन्स इंटरनेशनल स्कूल।
शाहपुरा इलाके में स्थित ओराइन्स इंटरनेशनल स्कूल।

शाहपुरा थाने में की शिकायत

हमले के बाद अभिनव भटनागर थाने पहुंचे, वहां पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण कराने के लिए जेपी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाएगा किन धाराओं में एफआईआर दर्ज करना है। घटनाक्रम के बाद आरोपियों के स्कूल से निकलते हुए वीडियो फुटेज भी सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481