हरिद्वार में जगद्गुरु श्री गरीबदास जी महाराज की 309वीं जन्म जयन्ती पर भव्य शोभायात्रा का शुभारम्भ !!

हरिद्वार में जगद्गुरु श्री गरीबदास जी महाराज की 309वीं जन्म जयन्ती पर भव्य शोभायात्रा का शुभारम्भ !!
देवभूमि उत्तराखण्ड की पावन नगरी हरिद्वार में धर्म, श्रद्धा, भक्ति और संत-परम्परा का अद्भुत संगम उस समय प्रत्यक्ष हुआ, जब श्रीमत्परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर अनन्तश्रीविभूषित पूज्यपाद श्री स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज “पूज्य आचार्यश्री जी” के पावन कर-कमलों द्वारा धर्माचार्य जगद्गुरु श्री गरीबदास जी महाराज की 309वीं जन्म जयन्ती के शुभ अवसर पर विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का विधिवत् शुभारम्भ किया गया।
“अखिल भारतीय गरीबदासी साधु महापरिषद्” के तत्वावधान में आयोजित यह शोभायात्रा श्री गरीबदासी धर्मशाला, शिव आश्रम, हरिद्वार से प्रारम्भ होकर नगर में भक्तिभाव, आध्यात्मिक ऊर्जा और सनातन संस्कृति की दिव्य चेतना का प्रसार करती हुई श्री राम निकेतन आश्रम, भूपतवाला में विधिवत् सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में श्री मंगल कलश, श्री गणेश जी, माँ गंगा, श्री राम दरबार और माँ दुर्गा जी की सुसज्जित झाँकियाँ विशेष आकर्षण का केन्द्र रहीं। बैंड-बाजों की मधुर ध्वनि, संतों के मंगल आशीर्वाद और जगद्गुरु श्री गरीबदास जी महाराज की सुसज्जित प्रतिमा ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय और अलौकिक बना दिया।
इस पावन अवसर पर महंत श्री स्वामी कर्मदास जी महाराज, श्री संत साधुराम जी, पूर्व कैबिनेट मंत्री आदरणीय श्री स्वामी यतीश्वरानन्द जी महाराज, महामण्डलेश्वर पूज्य श्री स्वामी ललितानन्द गिरि जी महाराज, नगर निगम हरिद्वार की महापौर माननीया श्रीमती किरण जैसल जी सहित अनेक प्रतिष्ठित संत-महात्मा, महामण्डलेश्वर, महंत, विरक्त साधु-मण्डलियाँ, गणमान्य नागरिक तथा हजारों श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।
षड्दर्शन भारत साधु समाज के विभिन्न अखाड़ों, आश्रमों और संत-परम्पराओं की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी गौरवपूर्ण बना दिया। यह शोभायात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, अपितु संत-वाणी, सेवा, सद्भाव, संस्कार और सनातन धर्म की जीवंत अभिव्यक्ति के रूप में श्रद्धालुओं के हृदय में अमिट छाप छोड़ गई।
सम्पूर्ण कार्यक्रम संस्था के संस्थाध्यक्ष पूज्य महामण्डलेश्वर श्री स्वामी परमात्मदेव जी महाराज एवं महामंत्री पूज्य श्री स्वामी ज्ञानानन्द शास्त्री जी के कुशल संयोजन, मार्गदर्शन और संत-समाज के आशीर्वाद से अत्यंत श्रद्धा, अनुशासन और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ।
#AvdheshanandG_Quotes
#शोभायात्रा #जन्म_जयन्ती
#श्रीगरीबदासजी_महाराज #haridwar
#अखिलभारतीय_गरीबदासी_साधुमहापरिषद्
