इंदौर में अपहरण एवं फिरौती प्रकरण का त्वरित खुलासा, चंद घंटों में दो मासूम बच्चों को सकुशल बरामद किया

0
Spread the love

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदर्शित त्वरित प्रतिक्रिया, सतर्कता एवं समन्वित कार्यवाही के परिणामस्वरूप इंदौर जिले के थाना पलासिया क्षेत्र में घटित दो नाबालिग बालकों के अपहरण एवं फिरौती प्रकरण का त्वरित खुलासा करते हुए दोनों बच्चों को सकुशल बरामद किया गया तथा प्रकरण में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

दिनांक 23 अप्रैल 2026 को रात्रि लगभग 8:45 बजे थाना पलासिया को दो बालकों के अचानक लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा तत्परता से मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि गीता नगर एवं खटीक मोहल्ला निवासी दो नाबालिग बालक, जो प्रतिदिन की भांति तिरुपति गार्डन खेलने गए थे, घर वापस नहीं लौटे।

क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण एवं स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ के आधार पर एक संदिग्ध महिला दोनों बालकों को अपने साथ ले जाते हुए चिन्हित हुई। आरोपियों द्वारा बच्चों को चिप्स, टॉफी एवं मोबाइल में पालतू जानवरों की तस्वीरें दिखाकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया। तत्पश्चात फरियादी के मोबाइल पर कॉल कर बच्चों की रिहाई के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई तथा समय सीमा में राशि न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना पलासिया में प्रकरण दर्ज कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों का गठन कर संभावित स्थानों—होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों—पर व्यापक सर्च अभियान संचालित किया गया। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की लोकेशन का त्वरित पता लगाया गया।

तकनीकी विश्लेषण एवं सतत निगरानी के आधार पर पुलिस टीम घटना स्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर दत्त नगर स्थित एक अपार्टमेंट तक पहुंची। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तत्काल घेराबंदी कर सुनियोजित कार्रवाई की गई। आरोपियों द्वारा भागने का प्रयास किया गया, किंतु पुलिस टीम की मुस्तैदी से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया तथा दोनों अपहृत बालकों को सकुशल मुक्त कराया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में राधिका प्रजापति (19 वर्ष), तनिशा सेन (20 वर्ष), ललित सेन (21 वर्ष) एवं विनीत प्रजापति (22 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से बच्चों का अपहरण कर फिरौती मांगने की बात स्वीकार की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

बरामद दोनों बालकों को तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण हेतु एम.वाय. अस्पताल ले जाया गया, जहां परीक्षण उपरांत उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

यह कार्रवाई मध्यप्रदेश पुलिस की त्वरित निर्णय क्षमता, तकनीकी दक्षता, समन्वित टीमवर्क एवं सतर्कता का सशक्त उदाहरण है, जिसके परिणामस्वरूप एक गंभीर अपराध को समय रहते विफल करते हुए दो मासूम बच्चों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481