हाईवे पर फेंकी ढाई साल की मासूम…मानव तस्करी का शक

0
Spread the love

श्योपुर में हाईवे पर ढाई साल की मासूम बच्ची को फेंकने के मामले में भोपाल में रहने वाली उसकी केयर टेकर बबीता नाविक ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। बबीता का दावा है कि खुद को बच्ची का पिता बताने वाला आकाश मौर्य करीब एक महीने पहले उनके घर आया था। बच्ची को अपने पास रखने का प्रस्ताव दिया था। साथ ही पूरी कानूनी प्रक्रिया कराने की बात कही थी।

बबीता के अनुसार, आरोपी दंपती आकाश और कृतिका ने खुद ही इस बच्ची को गोद लिया था। वो करीब तीन महीने की उम्र में बच्ची को अपने साथ लाए थे। दो साल तक बच्ची उनके पास रही, लेकिन इस दौरान उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था। बबीता ने बताया कि उन्हें बच्ची पर दया आती थी, उसे बचाने के लिए कई बार दंपती से मिन्नतें करती थीं। बच्ची उनसे काफी जुड़ गई थी और उनसे अलग होने पर डरती थी।

इधर, पुलिस ने दंपती से बच्ची को गोद लिए जाने के दस्तावेज मांगे, लेकिन अब तक वह उपलब्ध नहीं करवा पाए हैं। दंपती के पहले से दो बच्चे हैं। ऐसे में बच्ची की खरीद-फरोख्त या मानव तस्करी से जुड़े एंगल पर भी जांच की जा रही है।

केयर टेकर बबीता ने भास्कर से बातचीत की।
केयर टेकर बबीता ने भास्कर से बातचीत की।

सैलरी न मिलने पर छोड़ा काम

बबीता ने बताया कि उन्हें बच्चों की देखरेख के लिए 20 हजार रुपए महीने पर रखा गया था, लेकिन तीन महीने तक सैलरी नहीं मिली। बच्ची के साथ हो रहे अत्याचार और वेतन न मिलने के कारण उन्होंने काम छोड़ दिया। उनका आरोप है कि बच्ची की खास देखभाल करने पर दंपती को आपत्ति होती थी।

खुद पुलिस को आकाश के घर ले गई

बबीता को सोशल मीडिया पर श्योपुर से जुड़ी एक रील मिली, जिससे बच्ची की पहचान हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। वह खुद पुलिस को भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित आकाश के घर तक लेकर पहुंचीं, जहां से पुलिस ने आकाश और उसकी पत्नी कृतिका को हिरासत में लिया।

बबीता ने बताया कि दंपती आस-पड़ोस में रहने वालों से बातचीत तक नहीं करते थे। उन्हें भी पड़ोसियों से बातचीत की इजाजत नहीं थी। कई संदिग्ध लोगों का उनके घर आना-जाना था।

आरोपी दंपती आकाश और कृतिका।
आरोपी दंपती आकाश और कृतिका।

नहीं दिखा सके गोद लेने के दस्तावेज

श्योपुर पुलिस ने दंपती से बच्ची को गोद लिए जाने के दस्तावेज मांगे, जो अब तक दंपती नहीं दिखा सके। अब पुलिस दंपती से बच्ची के असल मां और पिता की जानकारी हासिल कर रही है। पुलिस बच्ची के असल मां पिता से भी बातचीत करेगी।

श्योपुर में स्थानीय निवासियों के पास बच्ची।
श्योपुर में स्थानीय निवासियों के पास बच्ची।

हाईवे पर मिली थी मासूम

मानपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार दुबे के मुताबिक, सोंईकलां के पास एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर ने बच्ची को हाईवे पर अकेले घूमते देखा था। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने साथ ले गई।

पुलिस ने बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया, जहां से उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।

मानव तस्करी के एंगल पर जांच

पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच मानव तस्करी के एंगल से भी कर रही है। दंपती के पास पहले से दो बच्चे होने के बावजूद इस बच्ची को कहां से और कैसे लाया गया, इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या बच्ची की खरीद-फरोख्त की गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही बड़ा खुलासा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481