‘गैंगस्टर दूल्हे’ को मंडप से उठा ले गई भोपाल पुलिस

0
Spread the love

भोपाल पुलिस बुधवार दोपहर गैंगस्टर दूल्हे आकाश बाजपेयी को मंडप से उठा ले गई। दूल्हा ‘इल्लीगल गैंग’ का सरगना है। साथियों के साथ मिलकर उसने पुजारी को बंधक बनाकर पीटा। रेप केस में फंसवा दूंगा कहकर 8 लाख की फिरौती मांगी थी। मामला कोहेफिजा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक गैंगस्टर दूल्हे के साथ उसके 3 और साथियों को भी पकड़ा गया है। चारों ने मिलकर पुजारी की किडनैपिंग की थी। पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपए ले लिए थे। इसके बाद उसे छोड़ दिया था। बाकी 7 लाख रुपए 5 किस्तों में देने की बात तय की गई थी।

बंधक से छूटते ही थाने पहुंचा पीड़ित

पीड़ित आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद सीधे कोहेफिजा थाने पहुंचा। घटना की शिकायत दर्ज कराई। पूरी वारदात सोमवार रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मंगलवार रात FIR दर्ज की। बुधवार दोपहर एयरपोर्ट रोड स्थित एक गार्डन में चल रहे शादी समारोह में छापेमारी की।

पुलिस थाना कोहेफिजा की तस्वीर है।
पुलिस थाना कोहेफिजा की तस्वीर है।

मुख्य आरोपी पर पहले से 35 मामले दर्ज

थाना प्रभारी केजी शुक्ला के अनुसार 26 वर्षीय पुजारी लालघाटी क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। मुख्य आरोपी आकाश उर्फ भूरा हड्डी बाजपेयी नगर की मल्टी में रहता है। उसके खिलाफ पहले से करीब 35 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह गांधीनगर में हुई एक हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आया था।

पुलिस के मुताबिक आकाश एक आपराधिक गिरोह चलाता है, जिसका नाम “इल्लीगल” है। गिरोह में करीब 15 से अधिक युवक और एक युवती शामिल बताए जा रहे हैं। आरोपी की शादी 12 मार्च को होनी थी। शादी के खर्च के लिए उसे पैसों की जरूरत थी। इसी कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ब्लैकमेलिंग की साजिश रची।

किराएदार की जानकारी पर बनाया प्लान

पुलिस जांच में सामने आया है कि फरियादी युवक आरोपी आकाश उपाध्याय का किराएदार था। उसने आकाश उर्फ भूरा हड्डी को बताया कि उसका किराएदार पुजारी है। उसका रहन-सहन ठीक-ठाक है। उसे धमकाकर पैसे ऐंठे जा सकते हैं। वह बदनामी के डर से किसी को कुछ नहीं बताएगा।

इसके बाद आरोपियों ने साजिश के तहत गिरोह की एक युवती रहाना खान (नाम बदला हुआ) तौफीक उर्फ शूटर की गर्लफ्रेंड है। रहाना खान को सोमवार रात पुजारी के घर भेजा गया। युवती ने दरवाजा खटखटाया। गेट खुलते ही वह घर के अंदर घुस गई। घर में घुसते ही युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

आरोपियों को पकड़कर लाती पुलिस।
आरोपियों को पकड़कर लाती पुलिस।

पुजारी को रेप केस में फंसाने की साजिश

इसके बाद कुछ ही देर में 10 से 15 युवक भी कमरे में घुस आए। सभी ने पुजारी पर रेप की कोशिश का आरोप लगाया। उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने पुजारी को जबरन एक गाड़ी में बैठाया। मल्टी में रहने वाले तौफीक उर्फ शूटर के कमरे में ले जाकर जमकर पीटा। पुलिस के हवाले करने की धमकी दी।

जान बचाने के लिए मांगी 8 लाख की फिरौती

मारपीट से डरे पुजारी ने आरोपियों से उसे छोड़ने की गुहार लगाई। इसके बाद आरोपियों ने उसे छोड़ने के बदले 8 लाख रुपए की मांग की। पीड़ित ने आरोपियों के मोबाइल से अपने भाई को फोन कर पैसे देने की बात कही।

भाई ने तुरंत इतनी बड़ी रकम का इंतजाम करने में असमर्थता जताई। इसके बाद आरोपियों ने तत्काल 50 हजार रुपए देने को कहा। पीड़ित के भाई ने आरोपी आकाश उपाध्याय के खाते में ऑनलाइन 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।

बदमाश आकाश की शादी की पत्रिका।
बदमाश आकाश की शादी की पत्रिका।

वीडियो बनाकर कर रहे थे ब्लैकमेल

थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पुजारी के घर में घुसते ही मारपीट की। युवती ने भी उस पर आरोप लगाते हुए झूमाझटकी की। घटनाक्रम का वीडियो भी मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया था।

आरोपी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पुजारी को ब्लैकमेल कर रहे थे। हालांकि जिस मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किया गया और कॉल की गई, उसे पुलिस अभी तक जब्त नहीं कर सकी है।

गिरोह 2018 से एक्टिव है। गैंग में मल्टी बाजपेयी नगर के 50 से ज्यादा लड़के शामिल हैं। उनमें से हर एक ने पहचान बनाने के लिए अपनी गर्दन पर ‘इल्लीगल गैंग’ का टैटू बनवाया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी लंबे समय से अपराधी हैं। वे मल्टी बाजपेयी नगर ईदगाह हिल्स के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481