भोपाल में फ्लाइट मैनेजर ने फांसी लगाई… मौत

0
Spread the love

भोपाल के परवलिया सड़क स्थित शांति एनक्लेव में रहने वाले एक एयरलाइंस कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पुलिस ने एफएसएल टीम से मौके का निरीक्षण कराने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय मुर्तजा हसन, पिता परवेज हसन, निवासी शांति एनक्लेव, परवलिया सड़क थाना क्षेत्र, के रूप में हुई है। वह इंडिगो एयरलाइंस में फ्लाइट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसने पांच साल पहले लव मैरिज की थी और उसकी चार साल की एक बेटी है।

देर रात पत्नी ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे मुर्तजा हसन ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी पत्नी घर पर ही मौजूद थी। देर रात जब पत्नी की नींद खुली, तो उसने दूसरे कमरे में पति के शव को फांसी के फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

पिता के लौटने के बाद किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक

मृतक के पिता दुबई में नौकरी करते हैं, जबकि उसका भाई पंजाब में कार्यरत है। दोनों के भोपाल लौटने के बाद शनिवार को शव को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक कारणों के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के मोबाइल फोन को पुलिस ने जब्त कर लिया है, जिसकी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *