हर जगह गद्दार , लालची, विश्वासघाती, देशद्रोही, दगाबाज़, और धोखेबाज़ विराजमान हैं !
हर जगह गद्दार , लालची, विश्वासघाती, देशद्रोही, दगाबाज़, और धोखेबाज़ विराजमान हैं !
बहुत दिनोँ से कुछ लिखने की कोशिश कर रहा था, कभी डोनाल्ड ट्रंप के ” Hell – hole ( नर्क का द्वार ) के बयान पर लिखना शुरू किया लेकिन इसी बीच एक दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वेन में भेड़ – बकरों की तरह भरे 15 मजदूरों की अकाल मौत हो गयी तो उस पर भारत के सरकारी तंत्र, गरीबी, भुखमरी, गुलामी, अशिक्षा की दुर्दशा पर लिखना शुरू ही किया था कि बरगी बांध में कथित क्रूज़ के डूबने की खबर आ गयी तो मेरा मन खिन्न हो गया, क्रूज़ के डूबने और मध्यमवर्गीय परिवारों के दर्जन भर खाते – पीते लोगों की अकाल मौत ने मुझे झंझकोर के रख दिया ! भृष्टाचार के नाले के सड़े हुए पानी की तरह गंधाते मध्यप्रदेश टूरिज्म विभाग का इतिहास किसी गटर से निकलती हुई जहरीली हवा की तरह है, जहां चारों तरफ सिर्फ जहरीले भृष्ट लोग बैठे हैं और अब ये जहरीली भृष्टता जनता की जान की दुश्मन बन गयी है !
अभी मैंने अपने आपको संभाला ही था कि मध्यप्रदेश शासन के एक मंत्री ( जनप्रतिनिधि ) के भाई इंदर सिंह चौहान जो खुद एक जनसेवक हैं ने अलीराजपुर जनपद की महिला सी ई ओ प्रिया काग को उनके कार्यालय में जाकर जान से मारने की धमकी दी और कहा कि इस कार्यालय में जो कुछ होगा इंदर सिंह चौहान की मर्जी से होगा और अगर तूने ( प्रिया काग ) अडंगा डाला तो तेरे दांत तोड़ दूंगा ?? एक आदतन अपराधी जिसके ऊपर पच्चीसों आपराधिक केस दर्ज हों और वो एक महिला प्रशासनिक अधिकारी प्रिया काग को खुलेआम धमकाता है, जिसने MPPSC में 2022 में टॉप किया था ? हमारी राजनीतिक व्यवस्था सड़ चुकी है, प्रीतम लोधी याद है ना ? और दस दिन में ही दूसरा प्रीतम भी जलवे दिखा रहा है ?
सारे गुंडे मवाली राजनीति में घुस गये हैं और कथित अनपढ़, मूर्ख , बेईमान नेता बेलगाम हो गये हैं और जो युवा सरकारी अधिकारी बनने की चाह रखते हैं , मेरी उनको सलाह है कि वो प्रिया काग और IPS आयुष जाखड़ की दयनीय स्थिति को समझ के सरकारी तंत्र में घुसें, आज तो किसी गुंडे नेता ने सिर्फ दांत तोड़ने की धमकी भर दी है और अगर प्रशासनिक तंत्र भय , डर और लालच के चलते यूं गुलामी के साये में जीता रहा तो वो दिन दूर नहीं कि जब प्रशासनिक कार्यालयों में लूले – लंगड़े, खेबड़े, काणे अधिकारी – कर्मचारी बैठे दिखायी देंगे ? सरकारी कार्यालयों में बैठे रीढ़ विहीन स्वार्थी बेईमान, डरपोक और सांसारिक अधिकारियों पर कुछ लिखने की सोच ही रहा था कि खबर आई कि ब्रिज इंजीनियरिंग की धज्जियां उड़ाने वाले और सुभाष नगर ROB को 90 डिग्री का ऐतिहासिक कोण देने वाले PWD के 8 (ना)काबिल अभियंताओं को बहाल कर दिया गया है !
धूर्त अभियंताओं के दिमाग को हिला देने वाले कारनामे को MPPWD के मूर्ख अफसरों ने इसको विभाग की इस महामूर्खता को उपलब्धि मान कर उन महामूर्खों को फिर से अपने बेवकूफी के समुन्दर में जहर मंथन में डुबकी लगाने के लिये शामिल कर लिया है ताकि और पुल टूटे और उनकी बेईमानी की तिजोरी भरती रहे ? मेरा दिल बैठा जा रहा था, चारों तरफ अज्ञानता, ठगी, भृष्टाचार, बेईमानी, धूर्तता, षड्यंत्र, शोषण, घोटाले, चोरी – चकारी, झूठ, गाली – गलौज, नफरत, झूठ देख देख के निराशा से मेरा मन भारत की निरीह, मूर्ख, धार्मिक, अनपढ़ जनता के लिये दया और करुणा से भर गया .. और इनको लूटने वालों के लिये घृणा और नफरत से भर गया !
मैंने जैसे तैसे अपने डूबते हुए दिल को थामा ही था कि खबर आई कि मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई कर 3 सरकारी डॉक्टरों को 25000 रुपयों की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया ! पकड़े गए डॉक्टर डॉ. अमित शाक्य, डॉ. दिव्या सांई और डॉ. मनोहर गोदारा । मामला ये था कि डॉक्टर मरीजों को सरकारी अस्पताल के बजाय निजी पैथोलॉजी लैब में जांच के लिए भेजते थे और उसके बदले 50% तक कमीशन की मांग कर रहे थे ! बेईमानी, लालच का ये मॉडल भारत की बर्बादी का कारण बन चुका है, क्या अस्पताल, क्या शिक्षा , क्या राजनीति , क्या प्रशासन, क्या विधि व्यवस्था, क्या पुलिस व्यवस्था और क्या धार्मिक व्यवस्था .. हर जगह गद्दार बैठे हैं, लालची, विश्वासघाती, देशद्रोही, दगाबाज़, और धोखेबाज़ विराजमान हैं .. मैं सोचने लगा कि इन लालची, विश्वासघाती, देशद्रोही, दगाबाजों और धोखेबाज़ों को शीर्ष पर किसने बैठाया है ? वो ही जिम्मेदार है और वो ही दोषी है !
नमस्कार
राजेंद्र सोनी
संपादक, लेखक, चिंतक
मुक्ति की उड़ान
निष्पक्ष सत्य के लिये उत्कृष्ट पत्रिका
भोपाल
ईमेल : muktikiudaan@gmail.com
#BJPMP #BJP4IND #Congress #CongressMP #drmohanyadav #CMMadhyaPradesh #hemantkhandelwal #jitupatwari #umangsinghar #NarendraModi #AmitShah #RahulGandhi #PriyankaGandhi #muktikiudaan #mptourism #JansamparkMP #bargidam #PriyankaGandhiVadra #indersinghchouhan #alirajpur #CorruptionInIndia
