NDA 298 पार, क्या INDIA भी बना सकता है सरकार:तृणमूल के 31 सांसदों का साथ तय, नीतीश के 15 सांसद मिलें तो बनेगी बात; कोशिशें शुरू

0
Spread the love

लोकसभा की 542 सीटों के लिए काउंटिंग जारी है। दोपहर 4 बजे तक के रुझानों में NDA को 298 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं INDIA को 200 सीटों पर बढ़त हासिल हो चुकी है। बहुमत का आंकड़ा 272 है। भाजपा गठबंधन को मेजॉरिटी मिलती दिख रही है, लेकिन क्या INDIA के भी सरकार बनाने की संभावना है, सियासी गणित इस टेबल से समझते हैं…

लोकसभा की कुल सीटें: 543

बहुमत का आंकड़ा: 272

गठबंधन अनुमानित सीटें
NDA 298
INDIA 200

INDIA को 200 सीटें मिलती हैं, तो यह बहुमत से 72 सीटें पीछे रहता है। ऐसे में बहुमत के लिए उसे मौजूदा सीट शेयरिंग से बाहर भी पार्टनर खोजने होंगे। 5 बड़े संभावित पार्टनर्स ये हैं…

1. तृणमूल : 31 सांसद
जब कांग्रेस की अगुआई में INDIA ब्लॉक बना था, तब ममता बनर्जी इसकी बैठक में शामिल हुई थीं। उन्होंने ही INDIA के संयोजक के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन का नाम सुझाया था। हालांकि बंगाल में सीट शेयरिंग के मुद्दे पर तृणमूल और कांग्रेस के बीच सहमति नहीं बन पाई और दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ने का फैसला किया। इसके बावजूद ममता बनर्जी ने कहा था कि वे INDIA के साथ हैं। लिहाजा अगर सरकार बनाने की नौबत आती है, तो तृणमूल गठबंधन को समर्थन दे सकती है।

2. जदयू : 15 सांसद
बिहार में भाजपा ने जनवरी 2024 में जदयू के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। इससे पहले नीतीश राजद और कांग्रेस के गठबंधन की सरकार के मुखिया थे। नीतीश ने ही INDIA ब्लॉक की पहली बैठक पटना में आयोजित की थी। नीतीश ने गठबंधन छोड़ा, तब भी लालू ने उनकी वापसी की संभावना जताई थी। ऐसे में अगर INDIA ब्लॉक नीतीश को अच्छी पोजिशन ऑफर करता है, तो उनकी वापसी हो सकती है।

3. तेलुगू देशम : 16 सांसद
आंध्र प्रदेश में भाजपा और तेलुगू देशम पार्टी (TDP) साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। राज्य विधानसभा की कुल 175 सीटों में से TDP 130 से ज्यादा पर जीत मिलने के आसार है, वहीं भाजपा 7 सीटों पर आगे है। लोकसभा इलेक्शन में TDP के 16 सासंद जीत के करीब हैं।

दक्षिण में TDP के असरदार प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नायडू को साथ लाने की कोशिश कर सकती है। इसके बदले चंद्रबाबू आंध्र को विशेष दर्जा मांग सकते हैं। TDP के कांग्रेस के साथ आने की संभावना यह भी है कि लोकसभा चुनाव से महज 9 महीने पहले सितंबर 2023 में नायडू को 14 दिन के लिए जेल भेजा गया था।

4. वायएसआर कांग्रेस : 4 सांसद
तेलंगाना के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की बहन शर्मिला कांग्रेस में शामिल हो चुकी हैं। केंद्र में सरकार बनने की स्थिति में वे कांग्रेस उन्हें भाई को गठबंधन के साथ लाने की जिम्मेदारी सौंप सकती है। रेड्डी के पिता वायएस राजशेखर रेड्डी कांग्रेस के बड़े नेता रहे हैं। ऐसे में जगन मोहन को पुराने संबंधों का हवाला देकर INDIA गठबंधन के साथ आने को कहा जा सकता है।

5. बीजू जनता दल : 1 सांसद
ओडिशा में 2000 से बीजू जनता दल की सरकार है। इस बार विधानसभा की 147 सीटों में से 74 पर भाजपा जीत सकती है, जो बहुमत के बराबर है। वहीं नवीन पटनायक की पार्टी बीजद को 55 और कांग्रेस को 14 सीटें मिल रही हैं। लोकसभा में बीजद के पास कुल 1 सीट आ रही है, ऐसे में वह INDIA गठबंधन के साथ आगे बढ़ सकती है।

सरकार बनाने को लेकर जारी कवायद के बारे में जानें इस ब्लॉग में…

लाइव अपडेट्स

32 मिनट पहले

नीतीश-नायडू हटे तो NDA बहुमत से पिछड़ जाएगा

2019 में पहली बार चंद्रबाबू नायडू ने NDA सरकार के खिलाफ सभी विपक्षी पार्टियों को एक करने की कोशिश की थी।

वहीं, 2024 में नीतीश कुमार ने कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों के साथ मीटिंग करके I.N.D.I.A. ब्लॉक बनाने में मदद की थी।

दोपहर 4 बजे के रुझान में NDA को 294 सीटें मिल रही हैं। इनमें चंद्रबाबू नायडू की TDP की 16 और नीतीश के जदयू की 15 सीटें हैं। यानी NDA में नीतीश और नायडू की कुल 30 सीटें मिलती हैं।

अगर ये दोनों नेता खुद को NDA से अलग करते हैं तो NDA के पास 265 सीटें बचेंगी, जो बहुमत के आंकड़े से 7 सीटें दूर हैं।

51 मिनट पहले

शाम 5.30 बजे राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस

चुनाव नतीजों को लेकर राहुल गांधी मंगलवार शाम 5.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

कांग्रेस ने चुनाव नतीजों में बेहतर प्रदर्शन किया है। पार्टी पिछले 10 साल में पहली बार 100 सीटों के करीब पहुंची है।

57 मिनट पहले

गृह मंत्री शाह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पहुंचे

गृह मंत्री अमित शाह दोपहर करीब 3 बजे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर पहुंचे। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच चुनाव नतीजों और गठबंधन सरकार बनाने को लेकर चर्चा हो रही है।

03:12 PM4 जून 2024

पवार बोले- मेरे सभी दलों के नेताओं से अच्छे संबंध

मुंबई में शरद पवार ने कहा कि उनके सभी दलों के नेताओं से अच्छे संबंध हैं। उन्होंने नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू का नाम भी लिया। हालांकि पंवार ने कहा कि दोनों ही नेताओं से उनकी बात नहीं हुई है। टीवी पर इस बारे में जो भी खबरें चल रही हैं, वे निराधार हैं।

03:11 PM4 जून 2024

पवार बोले- शाम को INDIA की बैठक में शामिल होंगे

महाराष्ट्र में रुझानों के बीच शरद पवार ने कहा- INDIA के सभी दलों ने मिलकर काम किया है। सबने एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा है। शाम को INDIA की बैठक में सभी दल शामिल होंगे।

02:58 PM4 जून 2024

शरद पवार ने नीतीश और नायडू से बात की

इस बीच शरद पवार ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और TDP चीफ चंद्रबाबू नायडू से बात की।

बिहार में नीतीश के जदयू और आंध्र प्रदेश में नायडू की TDP ने लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है।

02:27 PM4 जून 2024

संजय सिंह बोले- एग्जिट पोल केवल चुनाव आयोग को प्रभावित करने के लिए थे

02:15 PM4 जून 2024

पवन खेड़ा बोले- पर्दे के पीछे की बातें सार्वजनिक नहीं की जातीं

क्या कांग्रेस NDA सहयोगियों के संपर्क में हैं? इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा- पर्दे के पीछे जो कुछ भी हो रहा है, वह सब सार्वजनिक नहीं किया जाता। हमारा लक्ष्य 295 सीटों का हैं, अगर सब कुछ ठीक रहा तो हम निश्चित रूप से 295 तक पहुंचेंगे। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर नतीजे समय पर अपलोड नहीं किए जा रहे हैं? हमें पूरा भरोसा है कि हम सरकार बनाने की स्थिति में होंगे।

02:13 PM4 जून 2024

नेताओं की बैठकें और मेल-मुलाकात का दौर शुरू

फाइनल नतीजे आने से पहले ही नेताओं के बीच मेल-मुलाकात का दौर भी शुरू हो चुका है। कोलकाता में कालीघाट स्थित सीएम ममता बनर्जी के आवास पर बड़ी बैठक चल रही है। इस बैठक में अभिषेक बनर्जी से ममता आगे की रणनीति पर बातचीत कर रही हैं।

02:13 PM4 जून 2024

शरद पवार ने चंद्रबाबू और नीतीश को अप्रोच किया

चुनाव परिणाम आते ही शरद पवार एक्टिव हो गए हैं। वे अपने घर मीटिंग कर रहे हैं। दावा किया जा रहे हैं कि चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार से उन्होंने संपर्क किया है।

02:12 PM4 जून 2024

जयराम रमेश ने कहा था- NDA के सहयोगी हमारे साथ आ सकते हैं

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने काउंटिंग से 5 दिन पहले कहा था कि लोकसभा चुनाव 2024 में जीत के बाद I.N.D.I. ब्लॉक 48 घंटे के अंदर प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार तय कर देगा। रमेश ने यह भी कहा कि गठबंधन में जिस पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें मिलेंगी, वही सरकार बनाने का स्वाभाविक दावेदार होगी। जयराम का बयान इशारा करते हैं कि कि सरकार बनाने के लिए कांग्रेस बाकी दलों को साथ लेने की कवायद शुरू कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481